दिवाली से एक रात पहले रिहायशी बिल्डिंग में लगी आग में गार्ड धनपत की मौत हो गई थी। हादसे में दिव्यांका त्रिपाठी, उनके पति विवेक दहिया और परिवार के बच्चे सुरक्षित बाहर निकल गए थे। अब अभिनेत्री ने भावुक पोस्ट के जरिए धनपत को याद किया है।
Knews Desk – दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी रिहायशी बिल्डिंग के गार्ड धनपत के निधन पर भावुक पोस्ट शेयर की है। दिवाली से एक रात पहले उनकी बिल्डिंग में आग लग गई थी, जिसमें धनपत की मौत हो गई। दिव्यांका, उनके पति विवेक दहिया और परिवार के सदस्य बच्चों के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन इस घटना में उन्होंने ऐसे व्यक्ति को खो दिया, जो उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा था।
दिव्यांका ने अपनी पोस्ट में बताया कि जब वह अपने बच्चों को घर लेकर आई थीं, तब उनका स्वागत करने और उन्हें आशीर्वाद देने वालों में धनपत अंकल भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी सोचा था कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तब भी धनपत अंकल उनके जीवन का हिस्सा बने रहेंगे।
आग वाली रात घर पर ही था परिवार
दिव्यांका ने बताया कि आग लगने वाली रात उन्होंने और उनके परिवार ने बाहर जाने का प्लान बनाया था, लेकिन किसी न किसी वजह से इसमें देरी होती रही। जब आग लगी, तब वे घर पर ही थे। इसी वजह से उन्हें समय रहते खतरे का पता चला और वह अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल सकीं।
शुरुआत में परिवार को लगा कि आग की वजह से केवल कुछ सामान का नुकसान हुआ है। लेकिन जब उन्हें धनपत की मौत की जानकारी मिली तो परिवार पूरी तरह टूट गया। दिव्यांका ने बताया कि वह और विवेक इस खबर को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। एक दोस्त के घर शरण लेने के बाद भी दोनों यही उम्मीद करते रहे कि यह खबर सच न हो।
दिव्यांका ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कुछ नुकसान अपने पीछे ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जो कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि दिवाली की आग ने उनके घर की रोशनी फीकी कर दी, लेकिन एक अनमोल जान के चले जाने से उनके दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया है, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती।
उन्होंने बताया कि धनपत उनके लिए सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे। वह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे और परिवार को उन पर भरोसा था।
बच्चों को हमेशा देते थे आशीर्वाद
अभिनेत्री ने बताया कि जब उनके बच्चे घर आते थे तो धनपत अंकल उन्हें आशीर्वाद देते थे। उन्होंने कहा कि जब उनके बच्चे इतने बड़े हो जाएंगे कि इन बातों को समझ सकें, तब वह और विवेक उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे, जो घर आने पर हमेशा उन्हें अपना आशीर्वाद देते थे।
दिव्यांका ने धनपत को याद करते हुए कहा कि वह उन्हें बहुत याद करेंगी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दिव्यांका के मुताबिक, दिवाली के दिन धीरे-धीरे बिजली की सप्लाई वापस आ गई थी। गैस सप्लाई और लिफ्ट को सुरक्षा जांच के बाद अगले दिन चालू किया गया। हालांकि, इन बुनियादी सुविधाओं के वापस आने के बावजूद बिल्डिंग के हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं।
अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास मौजूद लोगों की अहमियत को कभी हल्के में न लें।