KNEWS DESK- कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव को लेकर अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में कई अनुभव साझा किए हैं। 544 पन्नों की इस किताब में उन्होंने अपने बचपन से लेकर नेहरू-गांधी परिवार में शादी, पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में प्रवेश तक के जीवन के अहम पड़ावों का जिक्र किया है।
गुस्से पर अलग-अलग तरह से देती थीं सजा
सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी के गुस्से का सामना करने वाले लोगों को अलग-अलग तरह की नाराजगी झेलनी पड़ती थी। कभी किसी कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़ा कर दिया जाता था, तो कभी किसी पार्टी नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े रहने की सजा मिलती थी। कुछ लोगों से वह कई दिनों तक पूरी तरह बात भी बंद कर देती थीं।
सोनिया ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक कर्मचारी जरूरी मीटिंग की याद दिलाना भूल गया था और यह पहली बार नहीं हुआ था। इस पर गुस्से में इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के एक कोने में खड़ा कर दिया। बाकी लोग असहज और शर्मिंदा महसूस करते हुए चुपचाप वहां से गुजरते रहे।
खाने की मेज पर भी दिखता था गुस्सा
सोनिया के मुताबिक, संसद में विपक्ष के साथ तीखी नोकझोंक के बाद कभी-कभी इंदिरा गांधी का गुस्सा घर की खाने की मेज तक भी पहुंच जाता था। एक बार उन्होंने गुस्से में अपनी थाली जोर से दूसरी तरफ खिसका दी थी।
सोनिया ने लिखा कि ऐसे वाकये उन्हें डरा देते थे और अपने पिता के गुस्से की याद दिलाते थे। जबकि राजीव और संजय शांत रहते और असहज पल के गुजरने का इंतजार करते। राजीव उन्हें समझाते थे कि ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है, इंदिरा थोड़ी देर में ठीक हो जाएंगी।
गुस्सा शांत होने पर जताती थीं अफसोस
सोनिया के अनुसार, जब वह इंदिरा गांधी को अच्छी तरह नहीं समझती थीं, तब ऐसे मौकों पर वह अपनी कुर्सी पर बैठी कांपती रहती थीं। हालांकि, गुस्सा शांत होने के बाद इंदिरा गांधी को अक्सर अपने व्यवहार पर पछतावा होता था और वह अपने तरीके से खेद भी जताती थीं। लेकिन अगर किसी सहयोगी ने उनका भरोसा तोड़ा हो, तो वह उसे आसानी से माफ नहीं करती थीं और हमेशा के लिए दूरी बना लेती थीं।