अयोध्या विवाद पर अखिलेश का बीजेपी पर हमला, बोले- ‘जुमलों का गुब्बारा फूट चुका है’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए महिला आयोग से कार्रवाई की मांग की। साथ ही अखिलेश ने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता बीजेपी को हराने के मूड में है।

Knews Desk – अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अयोध्या में ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद पीडीए सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल देने का काम किया जाएगा, ताकि किसी शोषित, वंचित और गरीब को बीजेपी के लोगों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या में तथाकथित ‘नारी वंदन’ का जो हिंसक नजारा पेश किया गया, वह वंदनीय नहीं बल्कि निंदनीय है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर बीजेपी और आयोजकों के खिलाफ वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।

अखिलेश बोले- बीजेपी का नारी सम्मान का दावा खोखला

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग नारी का सम्मान नहीं, बल्कि अपमान करते हैं। उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में मारे गए युवा की दुखी मां के कथित सार्वजनिक अपमान का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि मातृशक्ति का श्राप कभी खाली नहीं जाता और बीजेपी आगामी चुनाव में बुरी तरह हारेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव और हाल के 2026 के विधान परिषद चुनाव में बीजेपी की हार ने साबित कर दिया है कि जनता के बीच बीजेपी के जुमलों का गुब्बारा फूट चुका है। उन्होंने बीजेपी को तेल की फिसलन की ढलान पर बताया।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता अब बीजेपी को हमेशा के लिए हराने के मूड में है। उन्होंने कहा कि बीजेपी से जुड़े राजनीतिक लोग या तो जनाक्रोश से डरकर राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरी राजनीतिक पार्टियों में अपनी जगह तलाश रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि अगला चुनाव महिला-युवा बनाम बीजेपी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पीडीए सरकार बनने पर शोषित, वंचित और गरीब लोगों के हित में काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *