उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने की प्रदेश की तारीफ, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक परंपराओं का किया जिक्र

KNEWS DESK– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य के लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने राष्ट्र सेवा, वीरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उत्तराखंड के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य के लिए अलग पहचान रखता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेशवासी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखते हुए उत्तराखंड को लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाते रहेंगे।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने देश की सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि उत्तराखंड का गठन नौ नवंबर, 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग करके किया गया था। हर साल नौ नवंबर को उत्तराखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और उत्तराखंड आंदोलन में योगदान देने वाले लोगों को याद किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *