संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता… RSS प्रमुख मोहन भागवत ने सुनाया इब्राइम का किस्सा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर में एक भाषण के दौरान संघ की पहचान में स्वयंसेवकों की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने 1930 के दशक की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी, तब संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। उस समय संघ के समर्थन में केवल एक व्यक्ति की आवाज उठी थी, जिनका नाम इब्राहिम था।

Knews Desk – नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में मोहन भागवत ने इस ऐतिहासिक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला कोई नहीं था। भागवत के मुताबिक, इब्राहिम ने उस दौरान कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है।

मोहन भागवत ने इब्राहिम के हवाले से कहा कि जो लोग हिंदुस्तान को ‘हिंदू राष्ट्र’ कहने वालों को गलत मानते हैं, उन्हें मानसिक अस्पताल भेज देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह डॉ. हेडगेवार को जानते थे और वे मानसिक रूप से अस्वस्थ नहीं बल्कि एक अच्छे इंसान थे। इसलिए संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता।

RSS प्रमुख ने कहा कि उस समय संघ को बने हुए कुछ ही साल हुए थे और बहुत कम लोग संघ के बारे में जानते थे। हालांकि, डॉ. हेडगेवार को लोग जानते थे। उन्होंने कहा कि जब संघ की शुरुआत हुई, तो स्वयंसेवक ही उसकी पहचान बन गए और आज 100 साल बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं।

प्रचारकों पर लिखी गई एक किताब का जिक्र करते हुए भागवत ने कहा कि ऐसे लोगों के जीवन के बारे में कृतज्ञता और स्नेह के कारण लिखा जा रहा है, न कि किसी भौतिक लाभ के लिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रचारक ने कभी ऐसी उम्मीद नहीं की और न ही कभी करेगा, क्योंकि उनके लिए पाने के लिए कोई भौतिक चीज नहीं है।

भागवत ने कहा कि एक प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ है और संघ के अलावा उसके लिए और कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के प्रति स्वाभाविक रूप से श्रद्धा और सम्मान की भावना पैदा होती है। उनके मुताबिक, प्रचारकों के समर्पण और निष्ठा को शब्दों में पूरी तरह से नहीं लिखा जा सकता, बल्कि इसे अनुभव के जरिए ही महसूस किया जा सकता है।

एक स्वयंसेवक के जीवन को धारा के विपरीत तैरने जैसा बताते हुए मोहन भागवत ने कहा कि यह सिद्धांतों पर आधारित जीवन है, जिसमें स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत अपेक्षाएं नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक के मन में सिर्फ यही विचार होता है कि वह समाज के लिए कितना अच्छा कर सकता है।

हालांकि, भागवत ने यह भी कहा कि हर स्वयंसेवक पूरी तरह से इस आदर्श पर खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि इसमें स्तर और अंतर हो सकते हैं, लेकिन सभी की दिशा एक ही रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *