नोएडा में जन्मदिन की पार्टी के दौरान खूनी विवाद, स्कूटी टच होने पर युवक की मौत

नोएडा के नयाबांस गांव में जन्मदिन की पार्टी के दौरान स्कूटी के पैर से टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में 25 वर्षीय अमित के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

Knews Desk – नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के नयाबांस में जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में 25 वर्षीय अमित की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त शिवम घायल हुआ है। शिवम को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पार्क में दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, बीती रात अमित अपने दोस्तों शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद के साथ नयाबांस गांव के पास एक पार्क में मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक वहां जन्मदिन मना रहे थे। जब अमित और उसके दोस्त स्कूटी से वहां से जाने लगे तो स्कूटी एक युवक के पैर से टकरा गई।

स्कूटी पैर से टकराने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि उसके दोस्त शिवम के सिर में भी चोट आई। दोनों को उनके दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।

अमित की मौत के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। वहीं शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में आफताब नाम का एक व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि आफताब आदतन अपराधी है और फेज-1 थाने में उसके खिलाफ पहले भी FIR दर्ज हो चुकी है। वह पहले जेल भी जा चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *