धनतेरस की रात फरीदाबाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, पड़ोसी ने परमजीत को 15-16 गोलियां मारीं

धनतेरस की रात सेक्टर-21C में पार्किंग को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ। आरोप है कि मोनू शर्मा ने लाइसेंसी पिस्टल से 15-16 राउंड फायरिंग की, जिसमें परमजीत धनकड़ की मौत हो गई।

Knews Desk- हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सेक्टर-21C की है, जहां सिंगापुर से दो दिन पहले ही अपने भांजे की शादी में शामिल होने लौटे परमजीत धनकड़ की पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद परिवार समेत फरार हो गया।

मूल रूप से हिसार के रहने वाले परमजीत धनकड़ सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। शुक्रवार रात करीब 8 बजे जिम से लौटने के बाद वह गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोनू शर्मा से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर 15-16 राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से 8-9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग और अन्य मामलों को लेकर पहले से रंजिश थी। वारदात से करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ गाली-गलौज की थी। घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, FSL टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। शव को ESI मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

थाना प्रभारी पहलाद कुमार के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *