धनतेरस के त्योहार पर अगर आप बाजार की मिठाई के बजाय घर पर कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो बेसन के लड्डू बेहतरीन विकल्प हैं। बेसन, घी और चीनी से बनने वाली यह पारंपरिक मिठाई स्वाद में लाजवाब होती है और इसे पहले से बनाकर भी रखा जा सकता है।
KNEWS DESK- धनतेरस के साथ ही त्योहारों का माहौल शुरू हो जाता है। इस दिन घर की साफ-सफाई और पूजा-पाठ के साथ मिठाई और पकवान बनाने की भी तैयारी की जाती है। धनतेरस पर घर में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में चाय के साथ कुछ मीठा सर्व करना हो तो घर के बने बेसन के लड्डू से बेहतर क्या हो सकता है।

बेसन के लड्डू बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। बेसन, देसी घी और पिसी हुई चीनी जैसी सामान्य चीजों से इन्हें आसानी से तैयार किया जा सकता है। ऊपर से बादाम, काजू और खरबूजे के बीज डालने से इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट बेसन के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी।
बेसन के लड्डू बनाने के लिए सामग्री
- बेसन- 2 कप
- देसी घी- 1 कप
- पिसी हुई चीनी- 1 कप
- इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- बादाम- 2 बड़े चम्मच, बारीक कटे हुए
- काजू- 2 बड़े चम्मच, बारीक कटे हुए
- खरबूजे के बीज- 1 बड़ा चम्मच
बेसन के लड्डू बनाने की आसान विधि
बेसन को अच्छी तरह भूनें: सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें देसी घी डालकर गर्म करें। घी गर्म होने के बाद इसमें बेसन डाल दें। अब इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। बेसन को अच्छी तरह भूनने में करीब 15 से 20 मिनट लग सकते हैं। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि बेसन कड़ाही के नीचे चिपके या जले नहीं।
खुशबू आने तक पकाएं: जब बेसन का रंग हल्का सुनहरा होने लगे और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तब समझें कि बेसन अच्छी तरह भुन चुका है। अगर बेसन का मिश्रण बहुत ज्यादा गाढ़ा लग रहा है तो इसमें थोड़ा घी और मिलाया जा सकता है।
बेसन को ठंडा करें: अब गैस बंद कर दें और भुने हुए बेसन को एक प्लेट या बड़े बर्तन में निकाल लें। इसे कुछ देर ठंडा होने दें। ध्यान रखें कि बेसन पूरी तरह गर्म न रहे। बेसन के हल्का गुनगुना होने के बाद ही इसमें चीनी मिलाएं।
चीनी और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं: जब बेसन हल्का गुनगुना रह जाए तो इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर, बारीक कटे बादाम और काजू डालें। खरबूजे के बीज भी इसी समय डाल सकते हैं। अब सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें।
लड्डू का आकार दें: मिश्रण तैयार होने के बाद हाथों में थोड़ा-सा घी लगाएं। अब मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा लेकर हथेलियों के बीच गोल आकार देते हुए लड्डू तैयार करें। सभी लड्डुओं को इसी तरह बनाएं।
सजाकर करें सर्व: तैयार लड्डुओं के ऊपर बादाम या पिस्ता लगाया जा सकता है। इसके बाद इन्हें कुछ देर सेट होने दें। अब आपके स्वादिष्ट बेसन के लड्डू तैयार हैं। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखकर मेहमानों को सर्व करें।
लड्डू को और स्वादिष्ट बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
बेसन के लड्डुओं का असली स्वाद बेसन को सही तरीके से भूनने में होता है। इसलिए इसे हमेशा धीमी आंच पर धैर्य के साथ भूनें। तेज आंच पर बेसन जल्दी जल सकता है और लड्डुओं का स्वाद खराब हो सकता है। साथ ही चीनी को गर्म बेसन में न मिलाएं, क्योंकि इससे चीनी पिघल सकती है और मिश्रण का टेक्सचर बिगड़ सकता है।
अगर आप चाहें तो बेसन के साथ थोड़ी सूजी भी मिला सकती हैं। इससे लड्डुओं में हल्का क्रंच आ जाता है और उनका स्वाद और बेहतर हो जाता है। त्योहार के मौके पर घर आए मेहमानों को इन ताजे और स्वादिष्ट बेसन के लड्डुओं के साथ धनतेरस की मिठास का आनंद जरूर दें।