Knews Desk- भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंग्टन में खेला जाएगा। ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली ने 74 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म का संकेत दे दिया है। अब उनकी इसी लय को देखते हुए क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि वेलिंग्टन में कोहली के बल्ले से एक बड़ी पारी देखने को मिल सकती है। खास बात यह है कि इस मुकाबले में उनके पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
विराट कोहली के सामने सबसे बड़ा रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का है। कोहली वनडे इंटरनेशनल में 55 शतक लगा चुके हैं और इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर से काफी आगे निकल चुके हैं। हालांकि, लिस्ट-ए क्रिकेट में दोनों दिग्गजों के नाम फिलहाल बराबर 60-60 शतक दर्ज हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय वनडे के अलावा अन्य वनडे मुकाबले भी शामिल होते हैं।ऐसे में अगर विराट कोहली वेलिंग्टन में शतक जड़ते हैं तो वह लिस्ट-ए क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के 60 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। यही वजह है कि दूसरे वनडे में कोहली की पारी पर सभी की नजरें रहेंगी। ऑकलैंड में 74 रन की पारी के बाद उनकी फॉर्म को देखते हुए उनके फैंस को एक और बड़ी पारी की उम्मीद है।
इसके अलावा विराट कोहली के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने का मौका है। फिलहाल इस मामले में कोहली और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पॉन्टिंग बराबरी पर हैं। दोनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 1971-1971 रन बनाए हैं। हालांकि, कोहली ने यह आंकड़ा केवल 37 पारियों में हासिल किया है, जबकि पॉन्टिंग ने 50 पारियों में इतने रन बनाए थे।विराट कोहली को पॉन्टिंग से आगे निकलने के लिए केवल एक रन की जरूरत है। यानी वेलिंग्टन में अगर कोहली 2 रन भी बना लेते हैं तो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
कोहली के पास सिर्फ वनडे ही नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड हासिल करने का भी मौका है। इस रिकॉर्ड में फिलहाल सचिन तेंदुलकर सबसे आगे हैं। सचिन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में 80 पारियों में कुल 3345 रन बनाए हैं। उनके बाद इंग्लैंड के जो रूट 3268 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि विराट कोहली 3241 रन बनाकर तीसरे नंबर पर मौजूद हैं।कोहली को सचिन तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 105 रन बनाने होंगे। अगर वह वेलिंग्टन में इतनी बड़ी पारी खेलने में सफल रहते हैं तो एक ही मैच में उनके पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे विराट कोहली के लिए बेहद खास साबित हो सकता है। क्रिकेट फैंस की नजरें अब उनके बल्ले से निकलने वाली उस पारी पर टिकी हैं, जो उन्हें एक साथ कई रिकॉर्ड्स के करीब या उनके आगे पहुंचा सकती है।