पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

KNEWS DESK- पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। चलती ट्रेन में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में ट्रेन के चार डिब्बे आ गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

दरअसल, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की घटना हुई। यह घटना राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई। ट्रेन के इंजन की तरफ से पांचवें कोच में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद ट्रेन को सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा के बीच रोक दिया गया। फिलहाल ट्रेन बसंतपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई है।

आग लगने की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डिब्बों से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर आए। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने और यात्रियों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, आग से तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए हैं, जबकि चौथा कोच भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी में कुछ यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन रेलवे की ओर से अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई है।

अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशंजित सिंह ने बताया कि आग कैसे लगी, यह फिलहाल जांच का विषय है। रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित उनके घर और गंतव्य तक पहुंचाना है। यात्रियों को करीब 500 मीटर दूर स्थित नजदीकी स्टेशन तक जाने को कहा गया है, जहां से उन्हें आगे पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन और अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। कर्मभूमि एक्सप्रेस में जनरल यानी अनारक्षित कोच थे। फिलहाल रेलवे और राहत टीमों का पूरा ध्यान यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *