Knews Desk- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सिल-बट्टे से वार कर इन हत्याओं को अंजाम दिया। घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान श्रीरामपुरा के रहने वाले परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है। इनमें आरोपी की सास रूपावती, पत्नी सुनीता, उसके भाई शिवकुमार और शंकर, शंकर की पत्नी नलिनी, शिवकुमार की पत्नी दिव्या और शंकर का बेटा पुनीत शामिल हैं।जानकारी के मुताबिक, इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब दो दशक पहले हुई थी। दोनों राजाजीनगर में भाश्याम सर्कल के पास रहते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने कई बार दोनों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
पुलिस के मुताबिक, सुनीता का अपनी मां और भाइयों से करीबी रिश्ता था। आरोपी को यह बात पसंद नहीं थी। उसने कथित तौर पर सुनीता के मायके आने-जाने पर भी पाबंदियां लगाई थीं। इसके बावजूद सुनीता अपने परिवार के संपर्क में रही। इसी बात को लेकर इंदुशेखर अपनी पत्नी से नाराज था और उसने उसकी जिंदगी की परेशानियों के लिए पत्नी के परिवार को जिम्मेदार मानना शुरू कर दिया।जांच के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता के सिर पर सिल-बट्टे से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को कार में लेकर नंदी हिल्स गया और वहां शव को ठिकाने लगाने का आरोप है। पत्नी के लापता होने पर किसी को शक न हो, इसके लिए उसने पड़ोसियों से कथित तौर पर कहा कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई है। उसने उसका मोबाइल फोन भी बंद कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के भाइयों शिवकुमार और शंकर को घर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के साथ बैठकर शराब पीने के बाद आरोपी ने सिल-बट्टे से हमला कर उनकी भी हत्या कर दी। इसके बाद नलिनी और दिव्या की हत्या करने का भी उस पर आरोप है। आरोपी ने अपनी सास रूपावती और शंकर के बेटे पुनीत को भी कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया।पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने शवों को एक ही स्थान पर रखने के बजाय अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की। उसने घर से खून के धब्बे साफ किए और सिल-बट्टे को सैनिटाइज करने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
मामले का खुलासा तब हुआ जब नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई तो पुलिस को एक के बाद एक हत्याओं की भयावह जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार समेत अपराध से जुड़ी अन्य वस्तुओं को जब्त किया है।आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने नंदी हिल्स समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद पुनीत का शव बरामद कर लिया गया। बाकी छह शवों की तलाश अभी जारी है। पुलिस ने शवों को खोजने और वारदात से जुड़े सबूत जुटाने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। वरिष्ठ अधिकारी अपराध स्थल, शवों को ले जाने के रास्ते और सबूत मिटाने की कोशिशों की भी विस्तृत जांच कर रहे हैं।