सुनील लोधी की आंखों में रोशनी लौटने की उम्मीद, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में इलाज की प्रक्रिया शुरू

‘हनुमान अंश’ फिल्म के लोकप्रिय बुंदेली भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से देशभर में पहचान बनाने वाले गायक सुनील लोधी की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उनकी आंखों की जांच कराई गई। सुनील लोधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रशंसकों से उनके लिए दुआएं और आशीर्वाद मांगे हैं।

Knews Desk – जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा कर अपने आंखों के इलाज की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि ईश्वर ने अब तक हर मुश्किल में उनका साथ दिया और उन्हें हौसला दिया है। अब उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

सुनील ने अपने संदेश में प्रशंसकों की दुआओं और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि उनके जीवन में भी रोशनी लौटेगी और वह इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकेंगे। उन्होंने अपने माता-पिता के वर्षों के इंतजार का जिक्र करते हुए लोगों से उनके लिए दिल से प्रार्थना करने की अपील की।

‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन से मिली पहचान

मध्य प्रदेश के सागर के रहने वाले सुनील लोधी ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बुंदेली भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाया था। यह भजन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और सुनील को देशभर में पहचान मिली। दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने अपनी गायकी के दम पर लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।

सितंबर में भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुनील लोधी से मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की थी। साथ ही उनकी आंखों का इलाज कराने और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील लोधी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उनकी आंखों की जांच की गई, ताकि उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। फिलहाल, सुनील और उनके परिवार को आंखों के इलाज से नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *