ओमान के तट के पास जहाज पर हमला, भारतीय नाविक की मौत; मिडिल ईस्ट संघर्ष में अब तक 22 भारतीयों ने गंवाई जान

गुजरात के गंधार नाहिम अजीज की हमले में गई जान, जहाज पर सवार 13 अन्य भारतीय नाविकों को ओमान के कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचाया।

Knews Desk – मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। ओमान के तट के पास मालवाहक जहाज पर हुए हमले में गुजरात के रहने वाले भारतीय नाविक गंधार नाहिम अजीज की जान चली गई। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 3 नवंबर को इस घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक, जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से 13 को ओमान के कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया।

2 नवंबर को जहाज पर हुआ हमला

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि 2 नवंबर को ओमान के तट के पास से गुजर रहे जहाज पर एक अज्ञात हवाई वस्तु से हमला किया गया। इस हमले में भारतीय नाविक गंधार नाहिम अजीज घायल हो गए थे और चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। मंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए नाविक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हमले का शिकार हुआ ‘MSV अल जुसुफी’ गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के सलाया का जहाज है। यह UAE के हमरियाह बंदरगाह से सामान लेकर गुजरात के पोरबंदर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जहाज पर विस्फोटक ड्रोन या मिसाइल से हमला होने की जानकारी सामने आई। जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों में से 13 को सुरक्षित निकाल लिया गया।

केंद्र सरकार और ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। उनकी प्राथमिकता सुरक्षित बचाए गए नाविकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और मृतक गंधार नाहिम अजीज का पार्थिव शरीर भारत वापस लाना है।

संघर्ष में अब तक 22 भारतीयों की मौत

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच भारतीय नागरिकों की मौत का आंकड़ा भी चिंता बढ़ा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पिछले सप्ताह नियमित मीडिया ब्रीफिंग में बताया था कि संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में अब तक 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। इनमें 14 नाविक शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि संघर्ष वाले इलाके में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। ओमान के तट के पास हुई ताजा घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *