तेलंगाना के हैदराबाद में मैराथन पूरी करने और पदक हासिल करने के कुछ ही देर बाद 36 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कोम्मिनेनी गोपी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना से मैराथन में शामिल प्रतिभागियों और आयोजकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
Knews Desk– हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में रविवार, 1 नवंबर की सुबह एनईबी की देखरेख में मैराथन का आयोजन किया गया था। मणिकोंडा की अलकापुर कॉलोनी के निवासी कोम्मिनेनी गोपी ने भी इसमें हिस्सा लिया। उन्होंने निर्धारित दूरी सफलतापूर्वक पूरी की और इसके बाद उन्हें पदक भी दिया गया।
मैराथन पूरी करने के बाद गोपी काफी खुश थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक, वह नाश्ता करने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आयोजकों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए नजदीकी केयर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोपी आईटी कंपनी आईबीएम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह स्वस्थ रहने के उद्देश्य से मैराथन में शामिल हुए थे। दौड़ पूरी करने और पदक हासिल करने के कुछ ही समय बाद उनकी अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया। इस घटना से मैराथन में शामिल उनके साथी और आयोजक गहरे सदमे में हैं। वहीं, गोपी के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्साह के साथ शुरू हुआ यह आयोजन उनके लिए एक दुखद घटना की याद बन गया।