फ्लोरिडा में प्राइवेट जेट क्रैश, सभी 9 लोगों की मौत; ट्रंप के रिजॉर्ट से 8 मील दूर हुआ हादसा

अमेरिका के फ्लोरिडा में बहामास जा रहा एक प्राइवेट जेट हादसे का शिकार हो गया। विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले पायलट ने विमान पर बर्फ जमने और तेजी से ऊंचाई घटने की जानकारी दी थी। विमान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिजॉर्ट से करीब 8 मील दूर गिरा।

Knews Desk– अमेरिका के फ्लोरिडा में लियरजेट-60 विमान पाम बीच काउंटी के रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान टेक्सास से बहामास जा रहा था। हादसे के बाद जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। विमान सड़क के पास गिरा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 600 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े।

हादसे से कुछ मिनट पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था कि विमान पर बर्फ जम रही है। उस समय बाहर का तापमान माइनस 47 डिग्री सेल्सियस बताया गया। पायलट ने विमान में तेज झटके लगने और ऊंचाई में बदलाव की जानकारी भी दी। बाद में उसने आपातकाल घोषित कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, विमान 8,000 से 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आ रहा था। कुछ ही देर में गिरने की गति 20,000 फीट प्रति मिनट बताई गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान बेहद तेजी से ऊंचाई खो रहा था। हालांकि, मौसम या विमान पर जमी बर्फ हादसे की वजह थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे वाली जगह वेस्ट पाम बीच एयरपोर्ट से करीब 4 मील दक्षिण और ट्रंप के मार-ए-लागो रिजॉर्ट से लगभग 8 मील दक्षिण-पश्चिम में थी। ट्रंप हादसे से करीब एक घंटे पहले एयर फोर्स वन से वहां से रवाना हो चुके थे। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) हादसे की जांच कर रहे हैं। अधिकारी विमान के रिकॉर्डर और तकनीकी स्थिति की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *