‘यूपी में 1.27 लाख हिंदुओं के वोट कटे’, INDIA ब्लॉक की रैली में अखिलेश यादव का दावा

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन आज दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली कर रहा है। रैली में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। विपक्ष ने इसमें 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है।

Knews Desk – कांग्रेस के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन कर रहा है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर दुकानदारों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने रामलीला मैदान की ओर जाते समय कहा कि उन्होंने रैली में आने वाले लोगों से यहां खरीदारी करने की अपील की थी, ताकि दुकानदारों को फायदा हो सके। हालांकि, उनके मुताबिक, कनॉट प्लेस आते समय पता चला कि BJP ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं। राहुल गांधी ने कहा, “देश देख रहा है कि BJP दुकानदारों का नुकसान कर रही है।”

रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी नेताओं का जमावड़ा हुआ। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, केरल के मुख्यमंत्री, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता खरगे के आवास पहुंचे।

INDIA गठबंधन की रैली में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में हिंदुओं के 1.27 लाख वोट काट दिए गए हैं और हर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 31,000 वोट हटाए गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इसके बावजूद MLC चुनावों में काशी की जनता ने ‘डबल-इंजन’ सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 में BJP ने वोट चुराकर उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनाई थी। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में BJP सरकार को उत्तर प्रदेश से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग पाप करते हैं, उनका अंततः विनाश हो जाता है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार गलत हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे इन संस्थाओं से डरते नहीं हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने CBI और ED का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि वे ऐसी हरकतों से दबने वाले नहीं हैं और लोकतंत्र को तभी बचाया जा सकता है, जब मोदी को सत्ता से हटाया जाए।

रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली में अखिलेश यादव, ममता बनर्जी समेत 23 पार्टियों के नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। रैली का आयोजन शाम 5 बजे तक किया जाएगा। विपक्ष मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों और नागरिक समाज समूहों समेत सभी लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की थी।

रैली से पहले INDIA ब्लॉक के नेता कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक पैदल मार्च भी निकालेंगे। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मार्च का रूट मैप पोस्ट करते हुए लिखा, “मिलते हैं, साथ चलते हैं!”

रविवार सुबह से ही रामलीला मैदान में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर ने कहा कि लोग सुबह 5:30 बजे से ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने लगे थे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की मदद करने के साथ स्थानीय निवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। मार्च के रूट के लिए योजना तैयार की गई है।

रोहित राजबीर के मुताबिक, पूरे इलाके को 200 से 250 CCTV कैमरों से कवर किया गया है। आयोजकों का अपना कंट्रोल रूम भी है और पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ मिलकर काम कर रही है। दिल्ली पुलिस ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए व्यापारियों को आश्वासन दिया कि रैली से उन्हें नुकसान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP डरी हुई है और इसलिए अफवाह फैला रही है। राहुल गांधी ने लोगों से रैली में शामिल होने के साथ थोड़ी खरीदारी करने की अपील की, ताकि व्यापारियों की मदद हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *