सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, एक साल के निचले स्तर पर पहुंचे दाम

कमोडिटी मार्केट में शुक्रवार रात सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। चांदी 10 हजार रुपये से ज्यादा और सोना करीब 4,200 रुपये सस्ता हो गया। मुनाफावसूली, मजबूत अमेरिकी डॉलर और ब्याज दरों में सख्ती की आशंका को इस गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

Knews Desk– सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट से खरीदारों को राहत मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे बाजार में अचानक बिकवाली बढ़ गई। दिसंबर फ्यूचर वाली चांदी करीब 5 फीसदी गिरकर 1,78,900 से 1.79 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, सोने की कीमत करीब 3 फीसदी यानी 4,200 रुपये गिरकर 1,38,250 से 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में आ गई। दोनों धातुओं के भाव करीब एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गए।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। सोना 3.3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 3,900 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे आ गया और 3,880 डॉलर के सालाना निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं, चांदी करीब 5.12 फीसदी गिरकर 49 से 49.70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट का 1.28 लाख रुपये और 18 कैरेट का 1.05 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। 999 शुद्धता वाली चांदी की कीमत 1,81,344 रुपये प्रति किलो रही।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कीमतों में गिरावट के पीछे मुनाफावसूली के साथ अमेरिका के बेहतर जीडीपी आंकड़े और महंगाई का दबाव भी है। मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती ट्रेजरी यील्ड और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भी सोने पर दबाव बनाया है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की ओर से ब्याज दरों में सख्ती के संकेत मिलने से निवेशकों की रणनीति बदली है। ऊंची ब्याज दरों की आशंका के चलते निवेशक सोने-चांदी से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *