आगरा MLC चुनाव में सपा का परचम, आकाश अग्रवाल ने BJP प्रत्याशी को हराया

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने विधान परिषद चुनाव में जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी को हराया। मतदान के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोने और सनातन धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने की धमकी देने के बाद आकाश अग्रवाल काफी चर्चा में आए थे। अब चुनाव में जीत हासिल करने के बाद एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं।

जानकारी के मुताबिक, डॉ. आकाश अग्रवाल ने करीब 3,500 से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। जीत के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान अपने समर्थकों को परेशान किए जाने और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके शिक्षक साथियों को डराया-धमकाया गया और यह बेहद दुखद था। उनके मुताबिक, शिक्षकों के एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया अब बदल गई है और उन्हें लगता है कि शिक्षक अब शायद ही इसमें चुनाव लड़ें।

आकाश अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की छवि आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाली सरकार की थी, लेकिन जब उन्होंने अपने साथियों को डराए-धमकाए जाते और बूथ कैप्चरिंग होते देखा, तो यह छवि टूट गई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तारीफ करते हुए कहा कि वह समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए काम करते हैं।

आगरा में बीजेपी की मजबूत राजनीतिक स्थिति के बावजूद डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। वर्ष 2020 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते हुए बीजेपी के प्रत्याशी दिनेश चंद्र वशिष्ठ को हराया था। इस बार वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे और फिर जीत दर्ज की।

23 अक्टूबर 2026 को मतदान के दौरान आकाश अग्रवाल उस समय चर्चा में आए थे, जब वह मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोने लगे थे। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर अपने समर्थकों को परेशान करने तथा बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप लगाए थे। इसी दौरान उन्होंने सनातन धर्म छोड़ने और अगले महीने लखनऊ की शाही ईदगाह में इस्लाम धर्म अपनाने की बात कही थी।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों में आगरा शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली है। वहीं, आगरा स्नातक सीट पर बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र ने सपा के शशांक यादव को हराया। वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने बीजेपी के प्रमोद मिश्र को शिकस्त दी। मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी के श्रीचंद्र शर्मा ने सपा के डॉ. नितिन कुमार तोमर को हराया। लखनऊ शिक्षक सीट पर बीजेपी के उमेश द्विवेदी ने सपा के सुशील कुमार पटेल को मात दी। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर बीजेपी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने सपा के दानिश अख्तर को हराया। मेरठ स्नातक सीट पर बीजेपी के दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी को शिकस्त दी।

वहीं, गोरखपुर शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी आगे बताए गए, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव पीछे रहे। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर बीजेपी के अशोक कुमार राठौर आगे और मान सिंह यादव पीछे बताए गए। इन सीटों पर मतगणना जारी होने की जानकारी दी गई थी।

अब तक के नतीजों और रुझानों के मुताबिक, बीजेपी को छह और समाजवादी पार्टी को पांच सीटें मिलती दिख रही थीं। सपा को दो सीटों का फायदा होने की बात कही गई। गोरखपुर में बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा था। वह पहले भी शिक्षक खंड से निर्दलीय एमएलसी रह चुके हैं। वहीं, आगरा से जीतने वाले आकाश अग्रवाल भी पहले निर्दलीय एमएलसी थे। चुनाव से पहले ध्रुव त्रिपाठी ने बीजेपी और डॉ. आकाश अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तीनों सीटों पर बीजेपी ने एकतरफा जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *