जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का मिला शव, चलती ट्रेन से हुए थे लापता

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के अनगड़ा प्रखंड में रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ है। वह रांची से पटना लौटते समय जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हो गए थे।

Knews Desk- बिहार में एमएलसी चुनावों के बीच जन सुराज पार्टी के लिए यह बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले देवपालिक गुप्ता ने आईआईएमसी से पढ़ाई की थी और इसके बाद प्रशांत किशोर के साथ जुड़कर पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, देवपालिक कुछ दिन पहले अपने दो सहयोगियों गौतम और निशांत के साथ काम के सिलसिले में पटना से रांची गए थे। सोमवार को तीनों जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे। ट्रेन दोपहर करीब 2:25 बजे रांची से रवाना हुई थी। सफर के दौरान अनगड़ा के आसपास देवपालिक ने अपने साथियों से कहा कि वह अगली बोगी से कुछ खाने-पीने का सामान लेकर आते हैं। इसके बाद वह अपनी सीट पर वापस नहीं लौटे।

करीब दो घंटे तक तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उनके सहयोगियों ने मुरी स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराई और रेल मदद ऐप पर भी सूचना दी। शिकायत के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तलाश में जुट गईं।

रात में शुरुआती खोजबीन सफल नहीं होने पर स्पेशल इंजन की मदद से रेलवे ट्रैक के आसपास फिर तलाशी अभियान चलाया गया। जरवाडीह के पास झाड़ियों में देवपालिक का शव मिला। आरपीएफ सूत्रों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए थे। हालांकि, मामले की जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *