मशहूर सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ मंगलवार को अचानक आगरा पहुंचे और ताजमहल का दीदार किया। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस दौरे का वीडियो शेयर करते हुए ‘वाह ताज’ लिखा। इन दिनों दिलजीत अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की तैयारियों में जुटे हैं, जिसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली से होने वाली है।
Knews Desk – दिलजीत दोसांझ ने ताजमहल की यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वह ताजमहल की खूबसूरती निहारते और परिसर में घूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनकी आवाज भी सुनाई देती है। वह कहते हैं, “अरे हुजूर वाह ताज बोलिए। ये सबकुछ प्यार के बारे में हैं। अब इंडिया आए हैं, तो शुरुआत यहीं से होनी चाहिए।”
पोस्ट के साथ उन्होंने ‘वंडर्स ऑफ द वर्ल्ड’ और अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का भी जिक्र किया। उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद ताजमहल दौरे की चर्चा होने लगी।
दिलजीत के ताजमहल पहुंचने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में उनके साथ निजी सुरक्षा कर्मियों के अलावा पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। सिंगर के दौरे को लेकर प्रशंसकों के बीच उत्सुकता देखने को मिल रही है।
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की तैयारियों में व्यस्त हैं। उनके टूर की शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले सुरक्षा कारणों और त्योहारों के मौसम को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से कॉन्सर्ट को मंजूरी नहीं मिली थी, लेकिन बाद में अनुमति दे दी गई।
इन शहरों में होंगे दिलजीत के कॉन्सर्ट
दिलजीत के टूर के कार्यक्रम के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दिल्ली के बाद 15 नवंबर को इंदौर के C21 एस्टेट, 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स और 29 नवंबर को बेंगलुरु के नाइस ग्राउंड में कॉन्सर्ट प्रस्तावित हैं।
इसके बाद 5 दिसंबर को लखनऊ के 19वें नेशनल जंबूरी ग्राउंड में उनका कार्यक्रम होगा। चंडीगढ़ में भी कॉन्सर्ट का जिक्र है, हालांकि उसकी तारीख का ऐलान नहीं किया गया है।
ताजमहल की यात्रा के साथ दिलजीत दोसांझ ने अपने इंडिया टूर से पहले प्रशंसकों को एक खास झलक दी है। अब उनके आगामी कॉन्सर्ट को लेकर भी फैंस की नजरें बनी हुई हैं।