बिग बॉस 20 से एविक्ट होने के बाद ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर मैरी कॉम ने अपने अनुभव साझा किए हैं। एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने माही के साथ हुए विवाद, लव गिल और स्काउट की नजदीकियों तथा घर के सदस्यों के व्यवहार पर खुलकर अपनी राय रखी। रैपिड फायर राउंड में उन्होंने कुछ कंटेस्टेंट्स को लेकर भी बेबाक टिप्पणियां कीं।
Knews Desk – मैरी कॉम ने बताया कि खेल की दुनिया में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद वह टेलीविजन रियलिटी शो का अनुभव लेना चाहती थीं। उनके मुताबिक, ब्रांड शूट और 24 घंटे कैमरों के सामने रहने में काफी अंतर है। वह बिग बॉस के जरिए इस नए माहौल को समझना चाहती थीं।
शो के दौरान माही के साथ हुए विवाद पर मैरी कॉम ने कहा कि हिंदी की व्याकरण और बातचीत को तेजी से समझने में उन्हें परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि घर में जब लोग बहस के दौरान तेजी से बोलते और चिल्लाते हैं, तो कई बार बात तुरंत समझ नहीं आती।
मैरी कॉम के मुताबिक, अगर उन्हें उस समय माही की बात ठीक से समझ आ गई होती, तो वह वहीं जवाब देतीं। उन्होंने बताया कि सलमान खान ने भी उन्हें पहले पूरी बात सुनने और फिर प्रतिक्रिया देने की सलाह दी थी।
लव गिल और स्काउट के रिश्ते पर क्या बोलीं?
लव गिल और स्काउट की नजदीकियों पर चर्चा करते हुए मैरी कॉम ने कहा कि उन्हें घर के अंदर रहते हुए बाहर के माहौल की पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें परिस्थितियों का सही अंदाजा होता, तो वह स्काउट को अलग से समझातीं कि क्या सही है और क्या गलत।
मैरी कॉम ने सलमान खान के साथ अपने अनुभव को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि सलमान की सबसे अहम सीख अपने पक्ष और हक के लिए मजबूती से खड़े रहना है। मैरी कॉम के मुताबिक, जिंदगी में अपने हक के लिए स्टैंड लेना बेहद जरूरी है।
रैपिड फायर में किसे बताया मास्टरमाइंड और फुटेज का भूखा?
रैपिड फायर राउंड में मैरी कॉम ने माही को घर का मास्टरमाइंड बताया। काजी को उन्होंने साइडकिक के टैग के लिए चुना। वहीं, अरिश्फा को फुटेज का भूखा और ड्रामेबाज बताते हुए कहा कि वह कैमरे के लिए सबसे ज्यादा नाटक करती हैं।
मैरी कॉम ने आसिफ खान को घर का सबसे दोगला सदस्य बताया, जबकि गुल्लू की दोस्ती को सबसे सच्चा बताया। विजेता बनने की क्षमता के सवाल पर उन्होंने अम्रपाली दुबे और माही का नाम लिया। उनके मुताबिक, दोनों खेल को दिमाग से खेल रही हैं।
भविष्य में किसी अन्य रियलिटी शो में हिस्सा लेने के सवाल पर मैरी कॉम ने कहा कि वह इस बारे में विचार करेंगी। उन्होंने बिग बॉस के सफर के दौरान मिले प्यार के लिए अपने प्रशंसकों का आभार भी जताया।