‘जोर से मारो, तभी सीन असली लगेगा’, ऋतिक रोशन की इस बात पर चौंक गए थे रोहित रॉय

फिल्म ‘काबिल’ के क्लाइमैक्स में ऋतिक रोशन और रोहित रॉय के बीच फिल्माया गया फाइट सीन काफी दमदार था। हाल ही में रोहित रॉय ने शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि ऋतिक ने उनसे पूरी ताकत से मुक्के मारने को कहा, जिसके बाद करीब 11 मिनट तक यह एक्शन सीन फिल्माया गया।

Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेता रोहित रॉय ने फिल्म ‘काबिल’ में ऋतिक रोशन के साथ काम करने के अपने अनुभव को याद किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म के क्लाइमैक्स में फिल्माए गए फाइट सीन का जिक्र किया और बताया कि ऋतिक अपने किरदार को पर्दे पर वास्तविक दिखाने के लिए कितने गंभीर थे।

रोहित रॉय के मुताबिक, फाइट सीन की शूटिंग के दौरान वह ऋतिक को मुक्के मारते समय सावधानी बरत रहे थे। ऋतिक ने जब यह महसूस किया, तो उन्होंने रोहित से पूछा कि वह पूरी ताकत से क्यों नहीं मार रहे हैं।

रोहित ने बताया कि वह इस बात को लेकर हिचक रहे थे, क्योंकि ऋतिक फिल्म के सुपरस्टार होने के साथ-साथ उसके निर्माता भी थे। उन्हें डर था कि अगर ऋतिक को चोट लग गई, तो परेशानी हो सकती है।

हालांकि, ऋतिक ने उन्हें समझाया कि अगर वह पूरी ताकत से नहीं मारेंगे, तो उनका पलटवार भी प्रभावशाली नहीं लगेगा। इसके बाद रोहित ने बताया कि उन्होंने करीब 11 मिनट तक लगातार ऋतिक को मुक्के मारे।

को-स्टार की सुरक्षा का भी रखा ध्यान

रोहित रॉय ने शूटिंग के दौरान ऋतिक के एक और व्यवहार का जिक्र किया। उनके मुताबिक, एक सीन में उन्हें बेहोश होकर जमीन पर गिरना था। शूटिंग शुरू होने से पहले ऋतिक ने उनसे पूछा कि उनके लिए क्रैश मैट कहां है।

जब पता चला कि वहां सुरक्षा के लिए मैट नहीं बिछाया गया था, तो ऋतिक ने इस पर ध्यान दिया। रोहित के अनुसार, उस समय शूटिंग खत्म होने में करीब 15 मिनट बाकी थे और एक्शन टीम सुरक्षा के उपकरण समेट चुकी थी।

संजय गुप्ता के निर्देशन में बनी फिल्म ‘काबिल’ साल 2017 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में ऋतिक रोशन और रोहित रॉय ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। रोहित के इस किस्से से फिल्म की शूटिंग के दौरान ऋतिक की एक्शन सीन के प्रति गंभीरता और सह-कलाकार की सुरक्षा को लेकर उनकी सतर्कता सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *