सैफ अली खान के ‘WOW’ रिएक्शन ने दिलाई ब्रांड डील, 2 साल के मुफ्त घी का किस्सा हुआ वायरल

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान का दो साल के मुफ्त घी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा इन दिनों चर्चा में है। कौन बनेगा करोड़पति में मुफ्त घी मिलने की खबर सुनकर सैफ ने ऐसा रिएक्शन दिया कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब इसी वायरल मोमेंट से अभिनेता को ब्रांड डील मिलने की खबर सामने आई है।

Knews Desk – सैफ अली खान हाल ही में अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में नजर आए थे। वह अभिनेता अक्षय कुमार के साथ अपनी फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंचे थे। शो के दौरान एक सवाल का जवाब देने के बाद अमिताभ बच्चन ने सैफ को बताया कि उन्हें दो साल तक गोवर्धन घी मुफ्त मिलेगा। यह सुनते ही सैफ खुशी से उछल पड़े और बोले, “वाह!” उनका यह रिएक्शन देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल मीम बन गया। इस दौरान अक्षय कुमार भी हंस पड़े थे।

इसके बाद सैफ अली खान और करीना कपूर खान कपिल शर्मा के शो में पहुंचे। यहां सैफ के मुफ्त घी वाले वायरल मोमेंट का जिक्र फिर हुआ। कपिल ने एक फैन का कमेंट पढ़ा, जिसमें मजाकिया अंदाज में कहा गया था कि दो साल का घी जीतने की खुशी में सैफ ने इंस्टाग्राम जॉइन कर लिया। इस पर सैफ ने बताया कि उन्हें अभी तक घी मिला ही नहीं है। उनका यह जवाब सुनकर शो में मौजूद लोग हंसने लगे।

सैफ का यह बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने वीडियो और मीम्स के जरिए गोवर्धन घी ब्रांड से अभिनेता को वादा किया गया घी भेजने की मांग की। इस तरह मुफ्त घी का किस्सा लगातार चर्चा में बना रहा और ब्रांड का भी खूब प्रचार हुआ।

https://www.instagram.com/reels/De3low9NjYE/

अब सैफ अली खान ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह लाइव सेशन के दौरान प्रशंसकों से बातचीत करते नजर आए। वीडियो में वह शुरुआत में कहते हैं कि वह घी और उस वायरल मोमेंट के बारे में बात नहीं करना चाहते, लेकिन फैंस बार-बार उनसे घी को लेकर सवाल पूछते रहते हैं।

इसी दौरान कैमरा गलती से घूम जाता है और उनके घर में गोवर्धन घी दिखाई देने लगता है। घी नजर आते ही सैफ अपने स्टाफ से दरवाजा बंद करने को कहते हैं। इसके बाद वह लाइव सेशन बंद करते हुए मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए और घी मांगना बंद किया जाए। साथ ही वह लोगों से कहते हैं कि वे खुद जाकर ऑफर देखें, उनका काम हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। जिस मुफ्त घी की घोषणा पर सैफ का ‘WOW’ रिएक्शन वायरल हुआ था, उसी किस्से ने उन्हें चर्चा में ला दिया। अब इसी वायरल वीडियो से अभिनेता को ब्रांड डील मिलने की खबर भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *