अंजलि अरोड़ा को कानूनी नोटिस, आयोजकों ने मांगा 1.20 करोड़ रुपये का मुआवजा

कानपुर में एक इवेंट के दौरान ‘कच्चा बादाम’ गाना बजने पर नाराजगी जताने और कार्यक्रम बीच में छोड़ने के मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कार्यक्रम के आयोजकों ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है।

Knews Desk – सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा कानपुर में हुए एक कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो के वायरल होने के बाद चर्चा में आई थीं। अब इस मामले में वह कानूनी मुश्किलों में घिर गई हैं। कार्यक्रम के आयोजकों ने शो बीच में छोड़कर जाने के आरोप में उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग करने के साथ ही 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।

दरअसल, कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान अंजलि अरोड़ा स्टेज पर मौजूद थीं। इसी दौरान डीजे ने ‘कच्चा बादाम’ गाना बजा दिया। गाना सुनने के बाद अंजलि नाराज हो गईं और डीजे से बात करने के लिए पीछे मुड़ गईं। इसके बाद कार्यक्रम के आयोजक ने उन पर पब्लिसिटी स्टंट करने और कार्यक्रम को खराब करने का आरोप लगाया था। आयोजक ने उस समय कानूनी कार्रवाई करने की धमकी भी दी थी।

अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि आयोजकों ने अंजलि से मानहानि के लिए एक करोड़ रुपये और कार्यक्रम के दौरान हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए 20 लाख रुपये मांगे हैं।

आयोजकों का कहना है कि अंजलि को कार्यक्रम में 45 मिनट तक स्टेज पर रहना था। इसके अलावा, उन्हें स्पॉन्सर्स और खास मेहमानों को स्मृति चिह्न भी देने थे। आयोजकों के मुताबिक, अंजलि के बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले जाने से मेहमानों को बुरा लगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

आयोजकों के अनुसार, अंजलि अरोड़ा को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन लाख रुपये दिए गए थे। वहीं, उनके आने-जाने के इंतजाम पर एक लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे।

फिलहाल, अंजलि अरोड़ा की ओर से इस कानूनी नोटिस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब इस मामले में उनकी ओर से क्या जवाब दिया जाता है, इस पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *