Knews Desk- मुंबई में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को एक धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई। रिपोर्ट के मुताबिक, यह ईमेल सुबह 11 बजकर 31 मिनट पर भेजा गया था। इसमें मुंबई मेयर कार्यालय में दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर धमाका करने और एक स्कूल को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ का नाम भी शामिल है। बताया गया है कि यह ईमेल स्मिथ जॉनसन नाम से इस्तेमाल की जा रही ईमेल आईडी से भेजा गया था।
धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेयर कार्यालय में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचे। पूरे कार्यालय की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में मेयर कार्यालय के अलावा तीन से चार स्कूलों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। अधिकारी ने यह भी बताया कि मेयर कार्यालय को इससे पहले भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।सूत्रों के मुताबिक, ईमेल मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े, नगर सेविका रितु तावड़े और नगर सेवक संजय शंकर घाड़ी को भेजा गया था। इसमें ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लिखे जाने के साथ लोगों को अपने बच्चों को सुरक्षित रखने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में वर्ष 1984 के सिख नरसंहार का उल्लेख करते हुए ‘खून का बदला खून’ जैसी बात भी लिखी गई थी। इसके अलावा, 31 अक्टूबर से 27 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
ईमेल में दावा किया गया कि 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमला किया जाएगा। इसके अलावा, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को निशाना बनाने की धमकी दी गई। ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम भी लिया गया है। हालांकि, ईमेल में किए गए दावों और धमकी की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।बीएमसी के सुरक्षा अधिकारी महेश चौधरी ने बताया कि धमकी मिलने के बाद जांच की गई, लेकिन कोई बम नहीं मिला। मुंबई पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुए हमले के बाद मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्ट के अनुसार, उस मामले में अब तक 10 गिरफ्तारियां हुई हैं। फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही धमकी की गंभीरता और इसके पीछे की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।