शिवा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट, श्रद्धा दुबे समेत तीनों आरोपी 10 दिन के लिए जेल भेजे गए

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को अदालत ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। नागपुर से गिरफ्तार कर लखनऊ लाए गए तीनों आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की और मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Knews Desk – श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को यूपी एसटीएफ ने मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। इसके बाद तीनों को लखनऊ लाया गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धा दुबे को हजरतगंज थाने पहुंचाया गया। इस दौरान वह हाथ से अपना चेहरा ढकती नजर आई और फिर थाने के अंदर चली गई।

छह घंटे तक श्रद्धा दुबे से हुई पूछताछ

पुलिस ने हजरतगंज थाने में श्रद्धा दुबे से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। जांच टीम ने उससे घटना वाले दिन की परिस्थितियों और शिवा शर्मा की मौत से जुड़े सवाल पूछे। उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी अलग-अलग पूछताछ की गई।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान श्रद्धा ने पुलिस के कई सवालों का जवाब देने से परहेज किया। वह बार-बार कहती रही कि उससे नहीं, बल्कि उसके वकील से बात की जाए। पुलिस तीनों से पूछताछ के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

सिविल अस्पताल में कराया गया तीनों का मेडिकल

पूछताछ के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को एक ही वैन में बैठाकर सिविल अस्पताल ले गई। वहां करीब 35 मिनट तक उनकी मेडिकल जांच की गई। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि पुलिस दो महिलाओं और एक पुरुष को मेडिको-लीगल जांच के लिए लेकर आई थी। पुलिस की मौजूदगी में तीनों की जांच की गई और उनके स्वास्थ्य संबंधी मानक सामान्य पाए गए।

मेडिकल जांच के बाद पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई। डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, नागपुर से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया था। विवेचक और उनकी टीम ने उनसे विस्तार से पूछताछ की। आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

9 अक्टूबर को फ्लैट से गिरने के बाद हुई थी शिवा शर्मा की मौत

लखनऊ में 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से श्रद्धा फरार चल रही थी।

पुलिस अब शिवा की मौत के पीछे की वजह, घटना के हालात और तीनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अदालत ने सुनवाई के बाद श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *