पंजाब विधानसभा के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, CM भगवंत मान का पुतला फूंका

पंजाब विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन के बाहर कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड, नशे के मुद्दे, कानून-व्यवस्था और सरकारी आवासों पर कब्जे के आरोपों को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा।

Knews Desk – पंजाब विधानसभा के सत्र के पहले दिन सदन के बाहर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला आग के हवाले कर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने मानसा में एंटी-ड्रग्स सोशल एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या, राज्य में नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और पंजाब के सरकारी आवासों पर आम आदमी पार्टी के दिल्ली के नेताओं के कब्जे जैसे आरोपों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को विफल बताते हुए उनके खिलाफ नारे लगाए।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचे जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि वे इन सभी मुद्दों को सदन में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे।

किन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी?

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर वे मुख्यमंत्री भगवंत मान से सीधे जवाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि इन गंभीर मामलों में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और मुख्यमंत्री को सदन में आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।

वहीं, कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मुद्दा उठाने की बात कही।

कोटली ने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टरों का आतंक बढ़ रहा है और लोगों को रंगदारी के लिए फोन किए जा रहे हैं। उन्होंने नशीले पदार्थों से जुड़ी आत्महत्याओं का मुद्दा भी उठाया, जिसमें संगरूर के गुलजार सिंह का मामला शामिल है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह विधानसभा में इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। सत्र के पहले दिन सदन के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद अब इन मामलों पर विधानसभा के भीतर होने वाली चर्चा पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *