मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले की जांच में नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों मुख्य आरोपी करीब एक महीने तक मुंबई के अलग-अलग इलाकों में ऑटो और टैक्सी से घूमकर बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बांद्रा, जुहू, यारी रोड और वर्सोवा जैसे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के मुताबिक, आरोपी टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जुहू के फुटबॉल ग्राउंड तक भी पहुंचे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने ऑटो और टैक्सी चालकों को बताया था कि वे मुंबई घूमने आए हैं और फिल्मी सितारों के घर देखना चाहते हैं। इसी बहाने उन्होंने कुछ बड़े सितारों के घरों के बाहर तस्वीरें खींचीं और वीडियो बनाए। इन फोटो और वीडियो को टेलीग्राम के जरिए गैंगस्टर अनिल पंडित तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।
जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पर दो बार पहुंचे आरोपी
जांच के मुताबिक, एक ऑटो चालक से आरोपियों को पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार को जुहू के एक ग्राउंड पर फुटबॉल खेलने आते हैं। इसके बाद तीनों आरोपी 11 अक्टूबर को ग्राउंड पर पहुंचे, लेकिन उस दिन टाइगर वहां नहीं आए थे। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी 18 अक्टूबर को दोबारा ग्राउंड पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस बार उनके पास हथियार भी थे।
जांच में सामने आया है कि 11 अक्टूबर को आरोपियों के पास कोई असलहा नहीं था। कथित तौर पर 17 अक्टूबर को बबीता और राधा नाम की दो महिलाएं दिल्ली से मुंबई आईं और हरियाणा से हथियार लाकर फूल सिंह, रेहान और ऋतिक तक पहुंचाए। इसके बाद दोनों महिलाएं वसई गईं और वहां से राजस्थान निकल गईं।
हरियाणा से मुंबई आए कुणाल और सुमित
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब रेहान, फूल सिंह और ऋतिक मुंबई में रेकी कर रहे थे, तब हरियाणा से कुणाल और सुमित नाम के दो अन्य लोग भी उनसे मिलने आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने मुंबई में चार दिन आरोपियों के साथ बिताए और फिर वापस चले गए। पुलिस ने कुणाल और सुमित को भी गिरफ्तार किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि रेकी के दौरान जुटाई गई तस्वीरें और वीडियो पहले कुणाल को भेजे गए थे। इसके बाद कुणाल ने कथित तौर पर ये जानकारी गैंगस्टर अनिल पंडित तक पहुंचाई। पुलिस इस नेटवर्क और आरोपियों के बीच संपर्कों की जांच कर रही है।
जुहू के गिल्बर्ट हिल इलाके में किराए पर लिया था कमरा
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ऋतिक ने जुहू के गिल्बर्ट हिल इलाके में एक मुस्लिम परिवार से छोटा कमरा किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी कुछ दिनों तक इसी कमरे में रुके थे। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मकान मालिक परिवार और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि ऋतिक के बाल पहले लंबे थे, लेकिन बाद में उसने सिर मुंडवा लिया था। लोगों के मुताबिक, वह बैटरी से चलने वाली बाइक का इस्तेमाल करता था और उसके साथ दो अन्य युवक भी रहते थे। वे ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करते थे और अक्सर बाहर रहते थे।
फायरिंग में देशी और विदेशी पिस्टल के इस्तेमाल का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 17 अक्टूबर को हथियार मिलने के बाद 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई। हमले में एक विदेशी और एक देशी पिस्टल का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विदेशी पिस्टल के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद तीनों आरोपी जुहू के पुष्पा पार्क से पीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंधेरी स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस पार्किंग लॉट में बाइक खड़ी की और प्लेटफॉर्म नंबर 1 की सीढ़ियों से होते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंचे। इसके बाद तीनों ने बोरीवली जाने वाली फास्ट लोकल ट्रेन पकड़ी।
बोरीवली पहुंचने के बाद आरोपी टैक्सी से सूरत गए। वहां से ट्रेन के जरिए जयपुर जाने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका, हथियारों की सप्लाई, रेकी के नेटवर्क और गैंगस्टर अनिल पंडित से कथित संपर्कों की जांच कर रही है।