सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की रिलीज को लेकर हलचल तेज, 20 नवंबर या 4 दिसंबर को हो सकती है रिलीज

knews desk – बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान के फैन्स के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से अटकी उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से घोषित हुई इस फिल्म का टाइटल बदलने के बाद इसकी कहानी और शूटिंग में भी कई बदलाव किए गए। अब फिल्म की रिलीज को लेकर दो तारीखों की चर्चा हो रही है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे सलमान खान के फैन्स के बीच इसे लेकर उत्साह बढ़ गया है। हाल ही में सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक गाना शेयर किया, जिसके बाद एक बार फिर इसके प्रमोशन और रिलीज को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। तमाम अड़चनों के बाद अब फिल्म को साल 2026 के आखिर में सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी की खबरें सामने आ रही हैं।

कब रिलीज होगी सलमान खान की ‘मातृभूमि’?

‘बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को 20 नवंबर या 4 दिसंबर 2026 को रिलीज करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इन दोनों तारीखों में से किसी को भी अभी आधिकारिक तौर पर तय नहीं किया गया है।

अगर फिल्म 20 नवंबर को रिलीज होती है, तो बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ से हो सकता है। वहीं, 4 दिसंबर को रिलीज होने की स्थिति में इसका सामना श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से होने की चर्चा है। ऐसे में फिल्म की रिलीज डेट सलमान खान के साथ-साथ दूसरी फिल्मों के फैन्स के लिए भी दिलचस्प हो गई है।

क्यों अटक गई थी फिल्म की रिलीज?

सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की राह आसान नहीं रही है। शुरुआत में फिल्म का ऐलान ‘बैटल ऑफ गलवान’ के नाम से किया गया था। इसके बाद फिल्म का टाइटल बदल दिया गया। साथ ही, स्क्रिप्ट में बदलाव किए गए और कुछ हिस्सों को दोबारा शूट किए जाने की खबरें भी सामने आईं। इन बदलावों के चलते फिल्म की रिलीज में देरी हुई।

फिल्म को लेकर सेंसर बोर्ड और सरकारी स्तर पर मंजूरी से जुड़ी अड़चनों की भी चर्चा रही। अब फिल्म को क्लीयरेंस मिलने की खबरों के बीच मेकर्स दोबारा प्रमोशन पर ध्यान दे रहे हैं। सलमान खान की ओर से गाना शेयर किए जाने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिलहाल सभी की निगाहें मेकर्स के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि सलमान खान की यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देती है या फिर दर्शकों को 4 दिसंबर तक इंतजार करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *