ISRO Recruitment 2026: इसरो में 97 पदों पर भर्ती, 10वीं पास से डिग्रीधारकों तक के लिए मौका, 9 नवंबर आखिरी तारीख

Knews Desk- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इसरो के सतीश धवन स्पेस सेंटर, श्रीहरिकोटा ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 97 पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि इन पदों के लिए 10वीं पास उम्मीदवारों से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट्स तक अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 9 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के तहत टेक्निकल असिस्टेंट, साइंटिफिक असिस्टेंट, लाइब्रेरी असिस्टेंट ‘A’, नर्स ‘B’, टेक्नीशियन, ड्राफ्ट्समैन ‘B’, फायरमैन, हल्का वाहन चालक, भारी वाहन चालक और मल्टी टास्किंग स्टाफ सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है। ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता की जानकारी ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।इसरो की ओर से जारी भर्ती विवरण के अनुसार, सबसे ज्यादा 43 पद टेक्नीशियन के हैं। इसके अलावा टेक्निकल असिस्टेंट के 14, मल्टी टास्किंग स्टाफ के 16, भारी वाहन चालक के 7 और हल्का वाहन चालक के 5 पद शामिल हैं। साइंटिफिक असिस्टेंट, लाइब्रेरी असिस्टेंट ‘A’ और नर्स ‘B’ के तीन-तीन पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं, फायरमैन के दो और ड्राफ्ट्समैन ‘B’ के एक पद को भरा जाएगा। इस तरह कुल 97 पदों पर भर्ती की जाएगी।

योग्यता की बात करें तो टेक्निकल असिस्टेंट के पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ट्रेड में तीन साल का डिप्लोमा होना जरूरी है। साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए फिजिक्स, मैथ्स और केमिस्ट्री के साथ बीएससी या फोटोग्राफी अथवा सिनेमेटोग्राफी में डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। लाइब्रेरी असिस्टेंट ‘A’ के लिए ग्रेजुएशन के साथ लाइब्रेरी साइंस में मास्टर डिग्री की आवश्यकता है। नर्स ‘B’ के पदों के लिए नर्सिंग में तीन साल का डिप्लोमा होना चाहिए।वहीं, टेक्नीशियन और ड्राफ्ट्समैन के पदों के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई की योग्यता निर्धारित है। मल्टी टास्किंग स्टाफ के पदों के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ड्राइवर के पदों के लिए भी 10वीं पास होने के साथ आवश्यक ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। हालांकि, प्रत्येक पद के लिए विस्तृत शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में देखनी चाहिए।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को इसरो के सतीश धवन स्पेस सेंटर की आधिकारिक वेबसाइट apps.shar.gov.in पर जाना होगा। वहां SDSC SHAR/RMT/03/2026 भर्ती लिंक पर क्लिक करके नोटिफिकेशन पढ़ें। इसके बाद अपनी योग्यता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT), स्किल टेस्ट या फिजिकल टेस्ट शामिल हो सकते हैं। ड्राइवर पदों के लिए ड्राइविंग टेस्ट और ट्रेड टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और अंतिम मेरिट सूची तैयार होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन की अंतिम तारीख 9 नवंबर 2026 से पहले प्रक्रिया पूरी कर लें और आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में सभी शर्तों की जांच जरूर कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *