टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से मचा हड़कंप, ड्राइवर समेत 2 घायल, लॉरेंस गैंग के दावे से बढ़ी चिंता

Knews Desk- बई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना से मायानगरी में हड़कंप मच गया। रविवार शाम करीब 7 बजे हुई इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। राहत की बात यह है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं। वहीं, पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना पश्चिमी मुंबई के जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें गोलीबारी की आवाज सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है। एक ऑटो रिक्शा चालक भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभिनेता को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाए और गाड़ी की जांच की।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया, जिसमें अनिल पंडित ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही। पोस्ट में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी देने की बात भी कही गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की वजह और कथित गैंग की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।टाइगर श्रॉफ के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने पुष्टि की कि उनका बेटा सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि टाइगर पुलिस के साथ जांच में सहयोग कर रहे हैं। घटना के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ से भी फोन पर बात की और उन्हें सुरक्षा तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ के आवास पहुंचे और उनका हाल जाना। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। शिंदे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि राहत की बात है कि अभिनेता सुरक्षित हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *