कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे में 27 वर्षीय नर्स की मौत, परिवार की इकलौती संतान थीं श्रीपर्णा

Knews Desk– कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान जान गंवाने वालों में हुगली के वैद्यबाटी की रहने वाली 27 वर्षीय नर्स श्रीपर्णा पोद्दार भी शामिल हैं। शनिवार रात उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। श्रीपर्णा टाटा कैंसर सेंटर में नर्स के रूप में काम करती थीं और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं।

परिजनों के मुताबिक, श्रीपर्णा शनिवार सुबह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वह दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा पंडाल घूमने के लिए कोलकाता पहुंचीं। इसी दौरान चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें उनकी जान चली गई। परिवार को जैसे ही उनकी मौत की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई।

श्रीपर्णा की असमय मौत से उनके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह सदमा बेहद गहरा है, क्योंकि वह उनकी इकलौती संतान थीं। जिस बेटी के सहारे माता-पिता ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

श्रीपर्णा की मौत की खबर से वैद्यबाटी इलाके में भी शोक का माहौल है। पड़ोसियों ने बताया कि वह बेहद मिलनसार स्वभाव की थीं। मोहल्ले में किसी को भी जरूरत पड़ने पर वह मदद के लिए हमेशा आगे रहती थीं। अपने व्यवहार और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता के कारण वह आसपास के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थीं। दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल में हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। श्रीपर्णा की मौत से उनके परिजनों, दोस्तों और परिचितों के बीच गहरा दुख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *