Knews Desk– गोवा की राजधानी पणजी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 300 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान हिंदुत्व विरोधी नारे लगाए गए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई।
गोवा पुलिस ने 11 अक्टूबर को पणजी में हुए CJP के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई तालेगांव निवासी रामप्रसाद केलकर की शिकायत पर की गई। शिकायत में प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर हिंदुत्व विरोधी नारे लगाए जाने का आरोप लगाया गया है।
पणजी पुलिस निरीक्षक विजय कुमार चोडंकर के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ‘मुर्दाबाद, मुर्दाबाद, हिंदुत्व मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं धार्मिक आधार पर वैमनस्य फैलाने और जानबूझकर धार्मिक भावनाएं आहत करने से संबंधित हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
शिकायतकर्ता के अनुसार, CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने में कथित गड़बड़ियों के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया था।
शिकायत में दावा किया गया कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन खारिज होने के बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजकों ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया था, जबकि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नारेबाजी से सामाजिक सद्भाव प्रभावित करने की कोशिश हुई।
सात प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए थे
जिला प्रशासन द्वारा प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किए जाने के बाद आजाद मैदान में प्रवेश करने पर पुलिस ने सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
वहीं, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि मामले की जांच जारी है और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।