Knews – IIT बॉम्बे ने परिसर में भेदभाव रोकने और सभी छात्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को किसी विद्यार्थी की जाति, एडमिशन कैटेगरी और JEE Advanced की रैंक जैसी निजी जानकारियां पूछने से बचने की सलाह दी गई है। संस्थान का कहना है कि ऐसे सवाल छात्रों को असहज कर सकते हैं और भेदभाव की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
संस्थान ने मंगलवार को ईमेल के जरिए ये दिशानिर्देश जारी किए। इनमें JEE Advanced की रैंक और GATE के अंकों से जुड़े सवालों से भी बचने को कहा गया है। गाइडलाइन का उद्देश्य परिसर में ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां हर छात्र की निजता और भावनाओं का सम्मान किया जाए।
नई गाइडलाइन में जाति, जेंडर, धर्म और यौन अभिरुचि के आधार पर अपमानजनक टिप्पणियों, जातिवादी चुटकुलों और डराने वाले संदेशों पर भी सख्ती की गई है। ये निर्देश आमने-सामने की बातचीत के साथ-साथ व्हाट्सएप, फेसबुक, ईमेल और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले संवाद पर भी लागू होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संस्थान कार्रवाई कर सकता है।
IIT बॉम्बे ने छात्रों को आपसी मेलजोल बढ़ाने के लिए पढ़ाई, खेल, संगीत, फिल्मों, शौक और अपने गृह नगर जैसे विषयों पर बातचीत करने की सलाह दी है। संस्थान के अनुसार, इससे छात्रों के बीच आपसी समझ बढ़ाने और परिसर में बेहतर वातावरण बनाने में मदद मिल सकती है।