JNV Admission 2027-28: अब 22 अक्टूबर तक करें Apply, अप्रैल में होगा Entrance Exam

Navodaya Admission 2027: 9वीं और 11वीं में एडमिशन के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 22 अक्टूबर तक करें अप्लाई

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं और 11वीं में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए लेटरल एंट्री एडमिशन टेस्ट (LEST 2027) के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 22 अक्टूबर 2026 कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर थी। अब विद्यार्थियों को फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। दोनों कक्षाओं की प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी।

22 अक्टूबर तक करें आवेदन

नवोदय विद्यालय समिति की ओर से कक्षा 9वीं और 11वीं की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक मौका मिलेगा। इस दौरान अभ्यर्थी अपनी कैटेगरी, जेंडर, क्षेत्र और दिव्यांगता से संबंधित जानकारी में बदलाव कर सकेंगे।

कक्षा 9वीं में एडमिशन के लिए योग्यता

कक्षा 9वीं में आवेदन करने वाले विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में संबंधित जिले के सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ना जरूरी है। विद्यार्थी का निवास और स्कूल एक ही जिले में होना चाहिए। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। कक्षा 8वीं पास कर चुके विद्यार्थी और पहले चयन परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थी दोबारा आवेदन नहीं कर सकते।

कक्षा 11वीं के लिए जरूरी शर्तें

कक्षा 11वीं में आवेदन के लिए विद्यार्थी का सत्र 2026-27 में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 10वीं की पढ़ाई करना जरूरी है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए। आवेदन उसी जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए किया जा सकता है, जहां विद्यार्थी कक्षा 10वीं में पढ़ रहा है और जिसका वह मूल निवासी है। विद्यार्थी अधिकतम दो स्ट्रीम चुन सकता है और प्रत्येक स्ट्रीम में तीन स्कूलों का विकल्प दे सकता है।

10 अप्रैल 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

कक्षा 9वीं और 11वीं दोनों की चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को होगी। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे होगी और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे।

कक्षा 9वीं की परीक्षा में गणित और सामान्य विज्ञान से 35-35 प्रश्न, जबकि हिंदी और अंग्रेजी से 15-15 प्रश्न पूछे जाएंगे। कक्षा 11वीं की परीक्षा में मानसिक योग्यता, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित से 20-20 प्रश्न होंगे। दोनों परीक्षाओं में कुल 100 प्रश्नों के लिए 100 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

आवेदन करने के लिए नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कक्षा 9वीं या 11वीं के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें।

विद्यार्थियों को फोटो, अपने और अभिभावक के हस्ताक्षर, आधार संबंधी जानकारी और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। जरूरत के अनुसार निवास, जन्मतिथि, कैटेगरी या दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी अपलोड करना पड़ सकता है। सभी दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट और साइज में जमा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *