पहली बार प्योर हॉरर फिल्म में नजर आएंगी कृति सेनन, मैडॉक फिल्म्स के साथ करेंगी बड़ा प्रयोग

कृति सेनन अब तक कई अलग-अलग किरदारों से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। अब अभिनेत्री पहली बार पूरी तरह हॉरर जॉनर की फिल्म में नजर आने के लिए तैयार हैं। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली इस बड़े बजट की हॉरर फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो चुका है।

Knews Desk – बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन पहली बार एक प्योर हॉरर फिल्म का हिस्सा बनने जा रही हैं। अपने करियर में अलग-अलग तरह की फिल्मों और किरदारों में नजर आ चुकीं कृति अब डरावने अंदाज में दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनाई जाएगी और इसे बड़े स्तर पर तैयार करने की योजना है। फिलहाल फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर काम शुरू हो गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि कृति सेनन कई इंटरव्यू में कह चुकी हैं कि उन्हें हॉरर फिल्में देखना पसंद नहीं है। हालांकि, वह इस जॉनर को एक्सप्लोर करना चाहती हैं और एक अभिनेत्री के तौर पर खुद को चुनौती देना चाहती हैं। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है, “वैसे तो उन्होंने कई इंटरव्यूज में कहा है कि उन्हें हॉरर फिल्में देखना पसंद नहीं। उन्होंने ये भी कहा है कि वो चाहती हैं कि वो हॉरर जॉनरा को एक्सप्लोर करें और एक एक्टर के तौर पर खुद को चैलेंज करें। और ये फिल्म उन्हें सही वक्त पर मिली है।”

रिपोर्ट के अनुसार, इस फिल्म में कृति सेनन बिल्कुल अलग अवतार में नजर आएंगी। हालांकि, अभी तक फिल्म के नाम और अन्य कलाकारों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

मैडॉक फिल्म्स के साथ कृति सेनन का पुराना रिश्ता

कृति सेनन और मैडॉक फिल्म्स का साथ काफी पुराना है। अभिनेत्री ने इस प्रोडक्शन हाउस के साथ करीब नौ फिल्मों में काम किया है। साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘राब्ता’ के जरिए कृति ने पहली बार मैडॉक फिल्म्स के साथ काम किया था। इसके बाद 2018 में वह फिल्म ‘स्त्री’ में स्पेशल डांस नंबर करती नजर आईं।

साल 2019 में कृति ‘लुका छुपी’ और ‘अर्जुन पटियाला’ में दिखाई दीं। वहीं, 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिमी’ में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और इस फिल्म के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला। इसी साल वह ‘हम दो हमारे दो’ में भी नजर आई थीं।

इसके अलावा कृति सेनन मैडॉक फिल्म्स की सुपरनैचुरल यूनिवर्स की फिल्म ‘भेड़िया’ का भी हिस्सा रही हैं। साल 2024 में रिलीज हुई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में उन्होंने ह्यूमनोइड रोबोट का किरदार निभाया था। वहीं, इस साल रिलीज हुई ‘कॉकटेल 2’ में भी वह नजर आईं।

हॉरर कॉमेडी के साथ प्योर हॉरर में भी मैडॉक की दिलचस्पी

मैडॉक फिल्म्स ‘स्त्री’, ‘स्त्री 2’ और ‘भेड़िया’ जैसी हॉरर कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है। हालांकि, प्रोडक्शन हाउस ‘मुंज्या’ और ‘रूही’ जैसी फिल्मों के जरिए भी हॉरर जॉनर में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुका है।

अब कृति सेनन की आगामी फिल्म के जरिए मैडॉक फिल्म्स एक बार फिर प्योर हॉरर जॉनर में नया प्रयोग करने की तैयारी में है। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन कृति का इस जॉनर में पहली बार कदम रखना उनके प्रशंसकों के लिए दिलचस्प होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *