त्योहारों तक प्रदर्शन रोकने की अपील, राहुल गांधी और अभिजीत दीपके से दिसंबर तक आंदोलन टालने की मांग

Knews Desk– त्योहारों के मौसम में कारोबार और आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताते हुए इंद्रप्रस्थ पुनर्जागरण न्यास के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने राहुल गांधी और अभिजीत दीपके से दिसंबर तक प्रदर्शन स्थगित करने की अपील की है।

इंद्रप्रस्थ पुनर्जागरण न्यास के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और CJP संस्थापक अभिजीत दीपके से दिल्ली में प्रदर्शनों को दिसंबर तक स्थगित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जनजीवन और व्यापार को नुकसान से बचाने के लिए प्रदर्शनों को टालना चाहिए। यदि ऐसा संभव नहीं है, तो प्रदर्शन ऐसे स्थानों पर किए जाएं, जहां बाजारों, यातायात और आम नागरिकों की दिनचर्या पर असर न पड़े।

सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत में त्योहार धार्मिक होने के साथ सामाजिक और आर्थिक अवसर भी हैं। नवरात्र और करवा चौथ के बाद धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती जैसे पर्वों पर बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रदर्शनों से व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के व्यापारी त्योहारों की तैयारी महीनों पहले से करते हैं। वे माल खरीदने, कर्मचारियों को काम देने और दुकानों का किराया चुकाने सहित कई खर्च उठाते हैं। बाजारों तक पहुंच बाधित होने और यातायात प्रभावित होने से उनकी आजीविका पर असर पड़ सकता है। गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी है। जनता की समस्याएं उठाते समय उसे अनावश्यक परेशानी में डालने से आंदोलन का उद्देश्य कमजोर हो सकता है।

उन्होंने आशंका जताई कि त्योहारों के दौरान लोगों और व्यापारियों को लगातार परेशानी होने से समाज के एक वर्ग में आंदोलन के आयोजकों के प्रति गलत धारणा बन सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी अपील किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि आम नागरिकों, व्यापारियों, श्रमिकों और सामाजिक सद्भाव के हित में है। सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने राहुल गांधी और अभिजीत दीपके से संबंधित पक्षों के साथ संवाद कर दिसंबर के अंत तक प्रदर्शनों को स्थगित करने की सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *