KNEWS DESK- दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सरकार ने नई पहल की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने आनंद विहार ISBT से 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही 13 नए वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन और पांच स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया गया।
नए मॉनिटरिंग स्टेशन शुरू होने से दिल्ली में इनकी संख्या बढ़कर 60 हो गई है। यहां पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषकों की लगातार निगरानी की जाएगी। नए चार्जिंग स्टेशन आनंद विहार ISBT, नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर में बनाए गए हैं। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 5,238 हो गई है। इन बसों में CCTV कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक कुल बस बेड़े को लगभग 14,000 तक पहुंचाना है।
वहीं, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि शास्त्री पार्क स्थित प्रदूषण नियंत्रण समिति के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के जरिए प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों पर निगरानी रखी जा रही है। एआई आधारित कैमरों और जीपीएस ट्रैकिंग से निर्माण स्थलों, सड़क की धूल, कूड़ा जलाने और औद्योगिक प्रदूषण पर नजर रखी जा रही है।
सरकार के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना, वायु गुणवत्ता की निगरानी मजबूत करना और प्रदूषण नियंत्रण के लिए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना है।