नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में लाइब्रेरियन के 2 पदों पर भर्ती निकली है। लाइब्रेरी साइंस में डिग्री और संबंधित क्षेत्र में 5 साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। जानें योग्यता, आयु सीमा और आवेदन की प्रक्रिया।
Knews Desk– सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में काम करने का अवसर है। एनटीए ने नई दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में लाइब्रेरियन के दो पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये नियुक्तियां संविदा के आधार पर की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ ईमेल के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख विज्ञापन प्रकाशित होने के 15 दिनों के भीतर है।इस भर्ती के लिए ओपन मार्केट से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से लाइब्रेरी साइंस अथवा लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, लाइब्रेरी मैनेजमेंट के क्षेत्र में कम से कम पांच साल का अनुभव भी जरूरी है।
इस भर्ती में सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों को भी आवेदन का मौका दिया गया है। इसके लिए उम्मीदवार का केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) अथवा किसी स्वायत्त संस्थान से रिटायर होना जरूरी है। उन्होंने लाइब्रेरियन, डिप्टी लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन ऑफिसर या समान स्तर के पद पर काम किया हो। संबंधित क्षेत्र में पांच साल का अनुभव भी अनिवार्य है।आयु सीमा की बात करें तो ओपन मार्केट के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 50 साल निर्धारित की गई है। वहीं, सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों की उम्र 62 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में दो साल के लिए संविदा पर नियुक्त किया जाएगा। जरूरत और कामकाज की समीक्षा के आधार पर अनुबंध आगे बढ़ाया जा सकता है। उम्मीदवारों को हर महीने एकमुश्त पारिश्रमिक मिलेगा। हालांकि, वेतन की सटीक जानकारी के लिए आधिकारिक भर्ती विज्ञापन देखना जरूरी है।
लाइब्रेरियन के पद पर नियुक्त होने वाले उम्मीदवार को एनटीए की लाइब्रेरी के प्रबंधन और देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसमें पुस्तकों और डिजिटल सामग्री को व्यवस्थित रखना, लाइब्रेरी रिकॉर्ड का रखरखाव करना और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना शामिल है। उम्मीदवारों को लाइब्रेरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, डिजिटल डेटाबेस, कंप्यूटर सिस्टम और ऑटोमेटेड कैटलॉगिंग की जानकारी भी होनी चाहिए।आवेदन करने के लिए योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ [email protected] पर ईमेल करना होगा। ईमेल के सब्जेक्ट में ‘Application for the Post of Librarian, NTA’ लिखना अनिवार्य है। सेवानिवृत्त अधिकारियों को अपनी पिछली सेवा से संबंधित आवश्यक प्रमाणपत्र भी आवेदन के साथ भेजने होंगे। आवेदन विज्ञापन प्रकाशित होने के 15 दिनों के भीतर जमा करना होगा।
उम्मीदवारों का चयन भर्ती के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर योग्य अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है। हालांकि, न्यूनतम योग्यता पूरी करने वाले सभी उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाना अनिवार्य नहीं है। एनटीए के पास भर्ती प्रक्रिया रद्द करने या किसी पद को खाली छोड़ने का अधिकार भी सुरक्षित है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लेना चाहिए।