ममता बनर्जी के बाद केजरीवाल भी हिरासत में, दिल्ली में सियासी हलचल

Knews Desk– दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान TMC प्रमुख ममता बनर्जी और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। TMC ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया।

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिया है। TMC के कई अन्य नेताओं और AAP के नेताओं पर भी कार्रवाई की गई है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी और TMC के अन्य नेता दिल्ली के साउथ एवेन्यू में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने ममता बनर्जी के साथ डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन, प्रतिमा मंडल और समीरुल इस्लाम को हिरासत में ले लिया। सभी को प्रिजन वैन में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिया। उनके साथ संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

हिरासत की कार्रवाई के बाद TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में लेना गंभीर सवाल खड़े करता है। TMC ने आरोप लगाया कि बातचीत के बजाय गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए लिखा कि कोई भी सरकार जवाबदेही से ऊपर नहीं है और कोई भी सत्ता हमेशा के लिए नहीं रहती। TMC ने इस कार्रवाई को ‘लोकतंत्र के लिए एक काला दिन’ बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई जारी रहनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *