रामपुर में खाई में समाई HRTC बस, 19 वर्षीय युवक की मौत, दो यात्री गंभीर

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार सुबह सनेई से रामपुर जा रही HRTC बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Knews Desk– हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सनेई से रामपुर के लिए रवाना हुई हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) की बस सुबह करीब 7:45 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में लगभग 20 यात्री मौजूद थे।

इस दुर्घटना में कराली गांव के रहने वाले 19 वर्षीय वंश नेगी की जान चली गई। वह सुरंजन के पुत्र थे। हादसे में दो अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया, वहीं दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को निजी वाहनों के जरिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (MGMSC), खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सा टीम को सतर्क कर दिया था। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *