9 से 14 अक्टूबर के बीच देश के कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है। वहीं, दिल्ली में फिलहाल तेज धूप और हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
Knews Desk- देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 से 14 अक्टूबर के बीच उत्तर भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
दिल्ली की बात करें तो यहां अगले कुछ दिनों तक तेज धूप के साथ आसमान में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। 9 अक्टूबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम का यही रुख 14 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 11 और 13-14 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। उत्तराखंड में 9 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में 9 से 14 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश होने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 10 और 11 अक्टूबर को तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी यूपी में 9 से 11 अक्टूबर और पूर्वी यूपी में 9 तथा 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 अक्टूबर को आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 11 और 12 अक्टूबर को कुछ जगहों पर वर्षा का अनुमान है।
पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 9 अक्टूबर को भारी बारिश होने की आशंका है। बिहार में 9 से 11 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि झारखंड में 9 और 10 अक्टूबर को वर्षा का अनुमान है। ओडिशा में 9 से 14 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 10 और 11 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर दिखाई देगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में 9 से 14 अक्टूबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति के अनुसार सतर्क रहने की जरूरत है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 12 अक्टूबर के बीच आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल में 9 और 10 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण कर्नाटक में भी 9 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
वहीं, कोंकण और गोवा में 9 और 10 अक्टूबर को गर्मी के साथ उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर अलग-अलग दिनों में देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।