Bigg Boss 20: मिड-वीक एविक्शन में घर से बेघर हुईं रीति तिवारी ने एक बातचीत में घर के कंटेस्टेंट्स को लेकर कई बेबाक खुलासे किए। उन्होंने माही विज को सबसे बड़ा ‘मास्टरमाइंड’ बताया, जबकि अरिश्फा खान पर कैमरे के लिए फुटेज लेने का आरोप लगाया।
Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में कब कौन किसका दोस्त बन जाए और कब कोई पीठ में छुरा घोंप दे, इसका अंदाजा लगाना नामुमकिन है। मिड-वीक एविक्शन में घर से बेघर हुईं कंटेस्टेंट रीति तिवारी ने TV9 हिंदी डिजिटल के साथ खास बातचीत में घर के तथाकथित ‘मास्टरमाइंड्स’ और ‘कैमरा लवर्स’ को लेकर खुलकर बात की। रैपिड-फायर राउंड में रीति ने कई ऐसे खुलासे किए, जो घर के अंदर रिश्तों और समीकरणों की सच्चाई की ओर इशारा करते हैं।
इंटरव्यू के दौरान जब रीति तिवारी से पूछा गया कि अगर बिग बॉस उन्हें किसी एक कंटेस्टेंट को बिना किसी वोटिंग प्रक्रिया के सीधे घर से बाहर फेंकने की स्पेशल पावर दें, तो वह किसे चुनेंगी। इस सवाल पर रीति ने बिना एक पल गंवाए माही विज का नाम लिया। रीति ने माही को घर का सबसे बड़ा ‘मास्टरमाइंड’ बताया। उनका मानना है कि माही घर के अंदर बहुत सोच-समझकर और पर्दे के पीछे से पूरा गेम चला रही हैं और अपने हिसाब से घर के समीकरणों को मोल्ड करती हैं।
https://www.instagram.com/reels/DeBj7srRWrG/
वहीं, घर में फुटेज और अटेंशन पाने की होड़ को लेकर भी रीति ने अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि घर में सबसे ज्यादा फुटेज का भूखा और कैमरे के लिए ड्रामा करने वाला सदस्य कौन है, तो उन्होंने सोशल मीडिया स्टार अरिश्फा खान का नाम लिया। रीति के मुताबिक, अरिश्फा को हर वक्त इस बात की चिंता रहती है कि वह हर फ्रेम में दिखें और सबसे ज्यादा नोटिस की जाएं।
इसके बाद रीति के सामने एक और पेचीदा सवाल रखा गया कि वह गुल्लू, काजी तौकीर और यंग डीएसए में से किसे ब्लॉक, किसे अनफॉलो और किसे डिनर डेट पर ले जाना चाहेंगी। इस पर रीति ने कहा कि वह यंग को तुरंत ब्लॉक करेंगी, क्योंकि उनके मुताबिक यंग ने उन्हें घर से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं गुल्लू और काजी तौकीर को लेकर उन्होंने कहा कि दोनों उनके दिल के बेहद करीब हैं और वह दोनों को एक साथ बाहर डिनर पर ले जाना पसंद करेंगी।
रीति तिवारी के इन बेबाक बयानों से साफ है कि घर से बाहर होने के बावजूद उन्होंने बिग बॉस के घर के अंदर चल रही गुटबाजी और समीकरणों को करीब से देखा है। उनके बयानों ने घर के कंटेस्टेंट्स के गेम और रिश्तों को लेकर नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।