15 मिनट तक रोकी सांस, 20 मिनट तक नहीं झपकाई पलकें, कांपने लगे विद्युत जामवाल! डरे फैंस

विद्युत जामवाल अपनी फिटनेस और खतरनाक स्टंट्स के लिए मशहूर हैं। लेकिन अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने कुछ ऐसा किया कि वहां मौजूद मीडिया और ऑडियंस हैरान रह गए। विद्युत करीब 15 मिनट तक बिना सांस लिए एकटक बैठे रहे।

Knews Desk – बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अपनी फिटनेस और स्टंट्स के लिए जाने जाते हैं। इस बार उन्होंने अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में ऐसा कारनामा किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है। विद्युत करीब 15 मिनट तक एकटक बैठे रहे। इस दौरान उनकी आंखें खुली थीं और उन्होंने अपनी सांस रोक रखी थी।

शुरुआत में मीडिया और ऑडियंस को लगा कि शायद विद्युत किसी तरह का मेडिटेशन कर रहे हैं। लेकिन जैसे-जैसे वक्त बीतता गया, सभी की नजरें उन पर टिक गईं। करीब 15 मिनट बाद उनके पैरों में हल्का कंपन दिखाई दिया और उनकी आंखों से पानी आने लगा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों को अंदाजा हुआ कि विद्युत इतने लंबे समय से अपनी सांस रोककर बैठे हुए थे। यह नजारा देखकर फैंस और मीडिया हैरान रह गए।

https://www.instagram.com/reels/DeGxdNAuVbk/

विद्युत का योग और मार्शल आर्ट्स से पुराना नाता रहा है। उनकी फिटनेस और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग उनके एक्शन सीक्वेंस में भी साफ नजर आती है। यही वजह है कि हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में उन्हें धलसिम का किरदार मिला है।

बचपन में वीडियो गेम नहीं, खेलों पर था ध्यान

इवेंट में विद्युत ने अपने किरदार और हॉलीवुड सफर को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने वीडियो गेम नहीं खेले, क्योंकि उनका पूरा ध्यान स्पोर्ट्स पर था। उनके मुताबिक, शायद यही वजह रही कि आगे चलकर उन्हें ‘स्ट्रीट फाइटर’ में काम करने का मौका मिला।

विद्युत ने कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी इस रोल के लिए मेहनत की है। फिल्म में काम करने के दौरान उन्हें 50 सेंट, WWE रेसलर्स और कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला।

हॉलीवुड के काम करने के तरीके पर क्या बोले विद्युत?

विद्युत जामवाल ने हॉलीवुड और बॉलीवुड के काम करने के तरीके में अंतर पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि हॉलीवुड में समय की काफी पाबंदी होती है। उनके मुताबिक, वहां बड़े से बड़ा स्टार भी सेट पर समय से पहुंचता है और सेट पर मौजूद करीब 300 लोग भी इसी अनुशासन का पालन करते हैं।

विद्युत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई एक मिनट भी लेट हो जाए तो प्रोडक्शन की तरफ से फोन आ जाता है कि कहीं वह अस्पताल में तो नहीं है।

बॉलीवुड स्टार से फाइट वाले सवाल पर बोले- ‘शट अप!’

इवेंट के दौरान एक रिपोर्टर ने विद्युत से बॉलीवुड के किसी एक्टर के साथ काम करने या फाइट करने को लेकर सवाल पूछना चाहा। सवाल पूरा होने से पहले ही विद्युत ने उन्हें रोक दिया। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि तुलना वाले सवाल कब बंद होंगे। उन्होंने रिपोर्टर से हॉलीवुड में उनके दोस्त की सफलता के बारे में सवाल पूछने और यह जानने की बात कही कि उन्होंने ये सब कैसे किया।

इसके बाद विद्युत ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘शट अप! दोस्त वाला सवाल पूछ।’ जब रिपोर्टर ने फिर पूछा कि वह किस बॉलीवुड अभिनेता के साथ फाइट करना चाहेंगे, तो विद्युत ने जवाब दिया कि जिसे रिपोर्टर उनके साथ लड़वाना चाहते हैं, उसका नाम उन्हें मैसेज कर दें। उन्होंने कहा कि वह किसी से भी फाइट करने के लिए तैयार हैं।

16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘स्ट्रीट फाइटर’

विद्युत जामवाल की हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म में नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, WWE स्टार रोमन रेंस यानी जो अनोआई, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज, 50 सेंट और जेसन मोमोआ जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। विद्युत के फैंस उनकी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म में धलसिम के किरदार को देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *