राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़े, तिरंगा फहराया, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन

SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गए।

Knews Desk- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में मंगलवार, 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक करीब 3 किलोमीटर का मार्च निकाल रहे हैं। प्रदर्शनकारी ‘Save My Vote’ के नारे लिखे स्लोगन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लेकर पहुंचे।

इस मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हैं। करीब 19 विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी और DMK शामिल नहीं हुई हैं।

मार्च के दौरान पुलिस ने विपक्षी सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गए। खबर के मुताबिक, राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़े और तिरंगा फहराया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने लिखा, ‘Gyanesh, it’s done, bro. Time to resign.’

विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूचियों में हेरफेर किया जा रहा है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस समेत वामपंथी दल 2 अक्टूबर से इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संसद मार्ग, चुनाव आयोग कार्यालय और जंतर-मंतर समेत प्रमुख स्थानों पर 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पहले बताया था कि INDIA ब्लॉक की पार्टियां 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर पदयात्राएं करेंगी। इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर बैठकें होंगी, जबकि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक राज्य और जिला स्तर पर रैलियां तथा गांवों में चौपाल आयोजित करने की योजना है। विपक्ष का कहना है कि अभियान के तहत मतदाता सूची से कथित तौर पर गायब नामों की जानकारी भी जुटाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *