Knews Desk– दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
फिरोजशाह रोड की कोठी नंबर 18 में चोरी की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना के समय सांसद का सरकारी आवास खाली था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के बाथरूम से टैब, जरूरी सामान और गटर का ढक्कन चोरी होने की बात सामने आई है। बाथरूम की टोटी भी चोरी होने की जानकारी मिली है। हालांकि, घर खाली होने के कारण वास्तव में क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी पूरी जानकारी सांसद के परिवार के दिल्ली पहुंचने के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया। पुलिस कोठी के आसपास से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
राज्यसभा सांसद के सरकारी आवास में चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामला दिल्ली के VIP इलाके का है, जहां सुरक्षा के इंतजाम रहते हैं। ऐसे में पुलिस अब चोरी की पूरी घटना की जांच कर रही है।