एफएसएसएआई ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को खाने के लिए असुरक्षित पाए जाने के बाद बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है। वहीं, गंभीर स्वच्छता और हाइजीन संबंधी खामियां मिलने पर क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
Knews Desk– एफएसएसएआई की कार्रवाई के मुताबिक एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की बैच संख्या E080668761 को बाजार से वापस लेने का निर्देश दिया गया है। जांच में इस बैच का सैंपल फूड सेफ्टी मानकों पर खरा नहीं उतरा और इसे खाने के लिए असुरक्षित घोषित किया गया।
लैब जांच में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के पेस्टिसाइड के अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए। शुरुआती फूड एनालिस्ट रिपोर्ट के बाद कंपनी को अपील का मौका दिया गया। इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां दोबारा जांच में भी दोनों पेस्टिसाइड की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली और सैंपल को अनसेफ घोषित किया गया।
एफएसएसएआई ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को संबंधित पूरी बैच को तुरंत बाजार से वापस लेने का आदेश दिया है। कंपनी को वापस लिए जा रहे उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और निर्धारित समय के भीतर इसकी जानकारी तथा स्टेटस रिपोर्ट जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधार करने को कहा गया है।
वहीं, क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड की बेकरी में जांच के दौरान कई गंभीर हाइजीन संबंधी खामियां सामने आईं। फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां पाई गईं।
जांच में जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखे जाने की बात भी सामने आई। कच्चे और आधे तैयार उत्पादों के लिए जंग लगे तथा ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। परिसर में कीड़ों की समस्या के साथ पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं मिली।
मक्खियों को रोकने के लिए उचित इंतजाम नहीं थे और चूहों से बचाव की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं पाई गई। खिड़कियों और अन्य स्थानों पर कीड़ों को रोकने वाली जालियां भी नहीं लगी थीं।
एफएसएसएआई की जांच में फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्टेड सामान और स्क्रैप भी मिला। कुछ मशीनों पर जंग लगी थी, जबकि दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था। परिसर में सीलन की समस्या और कुछ जगहों पर फर्श की टूटी हुई टाइलें भी पाई गईं।
जांच में फूड सेफ्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं। इनमें पानी और तैयार उत्पादों की टेस्टिंग, समय और तापमान की निगरानी, मशीनों की जांच, मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, कस्टमर शिकायतों, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट रिकॉर्ड शामिल हैं।
इन सभी कमियों को देखते हुए एफएसएसएआई ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया। कंपनी को सस्पेंशन की अवधि के दौरान सभी फूड बिजनेस गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया गया है।
एवरेस्ट जीरा पाउडर का सैंपल गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था। दोनों स्तरों पर हुई लैब जांच में पेस्टिसाइड अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने के बाद संबंधित बैच के खिलाफ बाजार से वापस लेने की कार्रवाई की गई।