सरोजनीनगर के विकास को लेकर CM योगी से मिले विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, 500 करोड़ के अवस्थापना पैकेज समेत कई प्रस्ताव रखे

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए कई प्रस्ताव और पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे।

Knews Desk- मुलाकात के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सड़क, सीवर, नाला और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पंडित खेड़ा, गौरी, नीलमथा सहित अन्य क्षेत्रों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के विशेष अवस्थापना विकास पैकेज को मंजूरी देने का अनुरोध किया। प्रस्ताव में करीब 404.18 करोड़ रुपये के आकलित आवश्यक कार्यों को भी शामिल किया गया है।

शहरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 10 प्रमुख नालों के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति देने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। इसके साथ ही अवध विहार योजना और अंसल API क्षेत्र में रहने वाले लोगों को शहीद पथ से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए शहीद पथ पर रैम्प निर्माण का प्रस्ताव दिया गया।

चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए बंगला बाजार की ओर से शहीद पथ के ऊपर बिजनौर रोड की दिशा में एलिवेटेड रोड बनाए जाने का प्रस्ताव भी विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर में आर्थिक और तकनीकी विकास से जुड़ी अमौसी Aero City तथा नादरगंज AI City परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और इनके कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया। वहीं, किसानों और कृषि व्यापार से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बंथरा मंडी क्षेत्र में विशिष्ट मंडी स्थल के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी।

विधायक ने सिख गुरुओं के इतिहास, त्याग और बलिदान को समर्पित प्रस्तावित ‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ को राज्य कार्य योजना 2026-27 में शामिल करने का अनुरोध किया। साथ ही इस परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृति और धनराशि उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।

इसके अलावा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए कार्यरत बिजली कर्मियों पर पूर्व में की गई कार्रवाई को वापस लिए जाने से संबंधित विषय पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना। बैठक में सरोजनीनगर के बुनियादी ढांचे, यातायात कनेक्टिविटी, जल निकासी, औद्योगिक एवं तकनीकी विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *