सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस एक भी सीट जीतने की स्थिति में नहीं होती। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी अपनी सीट से चुनाव लड़ने को लेकर तैयार नहीं थे।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बयानों के बीच प्रतापगढ़ से सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस 2024 में एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत पाती।
शिवपाल सिंह पटेल के मुताबिक, एक समय राहुल गांधी अपनी सीट छोड़ने को भी तैयार थे। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसे और दबाव के बाद राहुल गांधी ने रायबरेली से चुनाव लड़ने का फैसला किया। फिलहाल राहुल गांधी रायबरेली से सांसद हैं।
मीडिया से बातचीत में शिवपाल ने कहा कि अगर सपा के साथ गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाती। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के हालात ऐसे थे कि राहुल गांधी अपनी सीट छोड़ने के लिए तैयार थे और पार्टी की स्थिति को लेकर वह काफी डरे हुए थे। शिवपाल ने कहा कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को चुनाव लड़ने के लिए भरोसा दिलाया। उनके मुताबिक, अखिलेश ने यह भी कहा था कि अगर राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ते हैं तो सपा अपना उम्मीदवार उतार देगी। इसके बाद राहुल गांधी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए।
सपा सांसद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को पूरा समर्थन दिया और जिन सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में थे, वहां सपा का हर वोट कांग्रेस के पक्ष में गया। उन्होंने कहा कि इसी समर्थन की वजह से कांग्रेस उत्तर प्रदेश में उन 6 सीटों पर जीत हासिल कर सकी। शिवपाल के इस बयान के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन और दोनों दलों के बीच वोट ट्रांसफर को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।