Knews Desk– मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को दिल्ली समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारियों के जुटने के मामले में पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं।
पुलिस के मुताबिक, दो FIR संसद मार्ग थाने और एक कनॉट प्लेस थाने में दर्ज की गई है। मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं। FIR में फिलहाल किसी व्यक्ति या संगठन को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है।
प्रदर्शनकारी विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी और मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं थी और निषेधाज्ञा लागू थी। FIR में लोक सेवकों के आदेश की अवज्ञा और अन्य कथित उल्लंघनों से संबंधित धाराओं का उल्लेख है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।